शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में विषय पाठ्य समिति की बैठकों का क्रम शुरू हो गया है। वाणिज्य विषय की पाठ्य समिति की पहली बैठक कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें वाणिज्य के पाठ्यक्रमों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति, वर्तमान शैक्षिक जरूरतों और रोजगारपरक दृष्टिकोण के अनुरूप बनाने पर मंथन किया गया।
बैठक में बीकॉम (ऑनर्स) और बीकॉम (कंप्यूटर) के पाठ्यक्रमों को सेमेस्टर प्रणाली के अनुसार तैयार करने पर चर्चा हुई। बीकॉम (राष्ट्रीय शिक्षा नीति से आच्छादित) और बीकॉम (फाइनेंस) के पाठ्यक्रमों में संशोधन के साथ बीबीए के पाठ्यक्रम को अद्यतन करने पर भी विचार किया गया। इसके अलावा बीबीए (लॉजिस्टिक्स) के नए पाठ्यक्रम और एमकॉम के पाठ्यक्रम में आवश्यक संशोधन पर चर्चा हुई।
समिति ने बीबीए, बीकॉम और एमकॉम के प्रस्तावित पाठ्यक्रमों के प्रश्नपत्रों के कोड निर्धारित करने, नए स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के प्रस्तावों तथा परीक्षाओं के लिए बाह्य विशेषज्ञों के नाम प्रस्तावित करने पर भी विचार किया।
बैठक में वरिष्ठ प्रो. डॉ. अनुराग अग्रवाल, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. कमलेश गौतम, वाणिज्य संकायाध्यक्ष प्रो. देवेंद्र सिंह समेत समिति के सदस्य मौजूद रहे। रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली समेत विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के बाह्य विशेषज्ञ ऑनलाइन एवं प्रत्यक्ष रूप से बैठक में शामिल हुए। संचालन एवं समन्वय प्रो. देवेंद्र सिंह ने किया।