मीरानपुर कटरा में शतरंज प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी। स्रोत : आयोजक
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। गांव सालपुर नवदिया में राममुरारी पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप का समापन हो गया। शह और मात के खेल में दिल्ली के आर्यन वार्ष्णेय ने बाजी मारी। उन्हें पुरस्कार स्वरूप ट्रॉफी और 21 हजार रुपये की धनराशि दी गई।
दो दिन से संचालित शतरंज प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, बंगाल समेत लगभग दस राज्यों व नेपाल के प्रतिभागियों ने बौद्धिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता अलग-अलग आयु वर्गों में नौ चक्रों में आयोजित की गई।
इसमें दिल्ली के आर्यन वार्ष्णेय ने प्रथम स्थान प्राप्त करके चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा किया। दिल्ली के ही अक्षत नेगी द्वितीय स्थान पर रहे। इसके अतिरिक्त सैकत नाथ, प्रयागराज के स्पर्श यादव, कानपुर के ऋषभ निषाद ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। समापन पर विद्यालय प्रबंधक डॉ.अशोक अग्रवाल, डॉ. किरन अग्रवाल, डॉ. चीना गर्ग और प्रधानाचार्य डॉ. लवलेश दत्त ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। संचालन अविनाश शर्मा, रजत शर्मा व नेशनल आर्बिटर हेमंत शर्मा ने किया।