टाउनहाल क्लब ऑल इंडिया गोल्ड कप प्राइजमनी हॉकी टूर्नामेंट में बुधवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले हुए। इसमें पीएनबी दिल्ली, एनई रेलवे गोरखपुर, करनाल हॉक्स करनाल ने जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मेेजबान टाउनहाल क्लब मंगलवार को ही कोलकाता को पराजित कर सेमीफाइनल में पहुंच चुका है।
बुधवार को पहला मुकाबला डीएलडब्ल्यू बनारस और पीएनबी दिल्ली के मध्य हुआ। इस रोमांचक मुकाबले में वाराणसी टीम केेेे खिलाड़ी अमित सिंह ने गोल करके टीम को महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई। इसके बाद दिल्ली के खिलाड़ी सोनू ने शानदार मैदानी गोल करके अपनी टीम को बराबरी पर ला दिया। मध्यांतर तक दोनों टीमें एक-एक गोल की बराबरी पर रहीं। मध्यांतर बाद दिल्ली के खिलाड़ी लखविंदर और सुमित ने गोल करके बनारस टीम के होश उड़ा दिए। हालांकि बनारस के खिलाड़ी अभिनव ने एक गोल करके थोड़ी हिम्मत बढ़ाई, लेकिन उसके बाद गोल नहीं होने से बनारस की टीम यह मुकाबला हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई और पीएनबी दिल्ली ने सेमीफाइनल का टिकट पक्का लिया।
दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला एनई रेलवे गोरखपुर और ईएमई जालंधर के बीच हुआ। यह मैच भी काफी रोमांचक रहा। पहला गोल जालंधर के खिलाड़ी बीजू ने किया। इसके बाद गोरखपुर के खिलाड़ी हनीफ ने गोल करके टीम का बराबरी पर ला दिया। गोरखपुर टीम ने एकबार फिर अटैक करते हुए जालंधर टीम पर गोल ठोक दिया। मध्यांतर तक गोरखपुर की टीम 2-1 से बढ़त पर रही, लेकिन मध्यांतर बाद जालंधर टीम ने एक और गोल दाग कर स्कोर 2-2 की बराबरी पर कर दिया। बाद में टाई ब्रेकर से निर्णय किया गया, जो गोरनपुर के पक्ष में तीन के मुकाबले चार गोल से रहा। इस तरह गोरखपुर की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई।
तीसरा सेमीफाइनल मुकाबला एएससी बंगलुरू और गत वर्ष की विजेता करनाल हॉक्स करनाल के मध्य हुआ। इस रोचक मुकाबले करनाल की टीम ने तीन के मुकाबले चार गोल से जीत करते हुए सेमीफाइनल में स्थान पक्का किया। विजेता टीम की ओर से मुनीश, सुरेंद्र ने गोल किए। रेफरी की भूमिका फैसल खां, लाल खां, अनवर, राजू ने तथा टेक्निकल अंपायरिंग रहबर और इशरत ने की।
सेमीफाइनल मुकाबले आज
आयोजन सचिव हाजी एजाज हसन खां उर्फ अच्छू खां ने बताया कि बृहस्पतिवार को अपरान्ह एक बजे से पीएनबी दिल्ली और एनई रेलवे गोरखपुर तथा करनाल हॉक्स करनाल और मेजबान टाउनहाल क्लब के बीच सेमीफाइनल मैच खेले जाएंगे।