शाहजहांपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान ददरौल ने डीएलएड प्रथम व तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। सीसी कैमरों की निगरानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में परीक्षा को कराया जाएगा। परीक्षा के लिए दो केंद्र बनाए गए हैं।
27 अक्तूबर से डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा शुरू कराई जाएगी। इसमें साढ़े पांच सौ से ज्यादा विद्यार्थी शामिल होंगे। इस्लामिया इंटर कॉलेज व राजकीय इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। नकलविहीन परीक्षा को कराने के लिए पर्यवेक्षकों को नियुक्त किया गया है।
पहले सेमेस्टर की परीक्षा 27 से 29 अक्तूबर के मध्य होगी। इसी तरह तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 30 अक्तूबर से एक नवंबर तक होगी। जिला शिक्षा व प्रशिक्षण संस्थान की प्राचार्य सोनिया गुप्ता ने बताया कि परीक्षा को लेकर कक्ष निरीक्षकों, पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
नकलविहीन व शुचितापूर्ण परीक्षा के लिए सचल दल का गठन भी किया जाएगा। डीआईओएस से समन्वय स्थापित कर परीक्षा को सीसी कैमरों की निगरानी में कराया जाएगा।