भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं के कार्यकर्ताओं का शिष्टमंडल मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट से मिला और उन्हें मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर सूखाग्रस्त घोषित जिले में किसानों से राजस्व की वसूली स्थगित किए जाने की मांग की। ज्ञापन में खरीफ फसलों की सिंचाई के लिए निगोही ब्लॉक की शारदा नहर माइनर में अंतिम छोर तक पानी उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्र के जर्जर मार्गों की मरम्मत कराए जाने पर भी जोर दिया गया है। भाकियू के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार शुक्ला ने ज्ञापन में निहित बिंदुओं पर सिटी मजिस्ट्रेट नरेंद्र सिंह से वार्ता करते हुए कहा कि जिले को सूखाग्रस्त घोषित कर दिए जाने के कारण राजस्व की वसूली स्थगित कर दी गई है। इसके बावजूद विभाग के संग्रह अमीन भू राजस्व कर की वसूली के लिए किसानों को परेशान कर रहे हैं। दूसरी ओर निगोही ब्लॉक में अहिरवाड़ा से पचदिउरा गांव तक गई माइनर में कई साल से पानी की सप्लाई ठप होने से आसपास के किसानों को सिंचाई पर बड़ी धनराशि खर्च करनी पड़ रही है। ज्ञापन में जर्जर हो चुके निगोही-खुदागंज मार्ग और निगोही-सिंधौली मार्ग की मरम्मत जल्द कराए जाने के साथ तिलहर तहसील में कंप्यूटरीकृत खतौनी जारी करने में दलालों का वर्चस्व खत्म किए जाने आदि मांगों का भी उल्लेख किया है। शिष्टमंडल में राम विलास, रवींद्र तिवारी, मदन पाल, सेठपाल सिंह आदि शामिल रहे।