कांट के सिमराखेड़ा गांव की सड़कों पर पसरा सन्नाटा। स्रोत: जागरूक पाठक
कांट (शाहजहांपुर)। बरेली के फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी के निधन के बाद उनका पैतृक गांव शोक में डूब गया है। उनके परिवारीजन अंतिम संस्कार में शामिल होने बरेली चले गए हैं। ऐसे में गांव में सन्नाटा पसरा है।
प्रो.श्याम बिहारी लाल का शनिवार को हृदयघात से निधन हो गया था। उनके निधन की सूचना आने के बाद पैतृक गांव सिमराखेड़ा में मातम पसर गया। गांव में उनके चाचा व चचेरे भाई समेत परिवार के करीब डेढ़ सौ लोग रहते हैं। सूचना आने के बाद परिवार के लोग गमी में शामिल होने के लिए फरीदपुर (बरेली) रवाना हो गए। उनके परिजनों के अधिकतर मकानों पर ताले पड़े रहे। ददरौल विधायक अरविंद सिंह ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।
एसएस कॉलेज में शोकसभा कर दी गई श्रद्धांजलि
शाहजहांपुर। एसएस कॉलेज के इतिहास विभाग में फरीदपुर विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन पर शोकसभा का आयोजन किया गया। प्रबंध समिति के सचिव डॉ. अवनीश कुमार मिश्रा ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. श्याम बिहारी लाल का इस प्रकार अचानक चला जाना एक अपूरणीय क्षति है। प्रोफेसर आलोक मिश्रा, प्रोफेसर अनुराग अग्रवाल, आदित्य कुमार सिंह, प्रभात शुक्ला, डॉ. आलोक सिंह, डॉ. विकास खुराना आदि ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। संवाद
कांट के सिमराखेड़ा गांव की सड़कों पर पसरा सन्नाटा। स्रोत: जागरूक पाठक