पुवायां (शाहजहांपुर)। एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पिता ने मृतका के पति समेत आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि दहेज में चार पहिया वाहन न मिलने की वजह से ससुराल वाले विवाहिता को प्रताड़ित करते थे।
पुवायां कस्बे के मोहल्ला आनंद वाटिका निवासी धर्मपाल की पत्नी दानवती का शव सोमवार शाम घर में फंदे से लटकता पाया गया था। धर्मपाल का कहना था कि संतान न होने के कारण दानवती मानसिक तनाव में रहती थी। इसी वजह से उसने फंदे पर लटककर जान दे दी। उधर, खुदागंज के गांव बरौरा निवासी तौलेराम ने बताया कि उसने अपनी पुत्री 25 वर्षीय दानवती की शादी चार वर्ष पूर्व धर्मपाल से की थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही दानवती का पति और उसके परिवार वाले दहेज में चार पहिया की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं हुई तो दानवती को प्रताड़ित किया जाने लगा।
दानवती ने अपने मायके वालों को बताया था कि पति धर्मपाल, जेठ संतोष कुमार, देवर धर्मवीर, जेठानी हेमलता, रविंद्र, सास, ननद नन्हीं देवी और पुवायां के मोहल्ला तकिया निवासी पप्पू उसकी हत्या कर सकते हैं। 28 अक्तूबर को उसे दानवती की मौत की सूचना मिल गई। उसने पुवायां थाने जाकर सभी आरोपियों के खिलाफ तहरीर दे दी। जिसके आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।