बंडा। ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो जाने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
थाना खुटार के गांव मलिका निवासी स्वर्गीय गजेंद्र सिंह के 25 वर्षीय पुत्र अनुज सिंह की शादी छह वर्ष पूर्व बंडा निवासी राम अवतार सिंह की पुत्री छोटी बिटिया के साथ हुई थी। अनुज सिंह सोमवार को अपनी ससुराल बंडा आया था। शाम को अचानक उसकी हालत बिगड़ जाने से ससुराल के लोगों में खलबली मच गई। ससुराल वाले अनुज को बंडा के सरकारी अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने अनुज के जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका जताते हुए उसकी हालत बेहद गंभीर बताकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय अनुज की रास्ते में ही मौत हो गई।
अनुज की मौत से ससुराल और उसके घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग भी बंडा पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर अनुज के शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। कार्यवाहक थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि इस मामले में सूचना के आधार पर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। यदि कोई तहरीर दी गई तो कार्रवाई की जाएगी।