पोस्टमार्टम हाउस पर शोकाकुल बैठे सिधौली थाना क्षेत्र के भंडारी गांव निवासी मृतक नेत्रपाल के परि
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव भंडेरी निवासी नेत्रपाल (20) की मौत हो गई। वह निगोही के गुरगवां गांव में दोस्त की बहन की शादी में जाने की कहकर घर से निकला था। परिजन के मुताबिक, उसके सिर में चोट के निशान मिले हैं।
नेत्रपाल खेतीबाड़ी करता था। बुुधवार शाम को पिता रामसरन से दोस्त की बहन की शादी में निगोही जाने की कहकर गया था। पिता के पास रात करीब साढ़े नौ बजे सूचना आई कि गुरगवां गांव के बाहर नेत्रपाल पड़ा है। परिजन पहुंचे तो निगोही सीएचसी में नेत्रपाल का शव मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रामसरन ने बताया कि सुबह वह नेत्रपाल के दोस्त के घर बेटे की मौत की वजह जानने गए थे, लेकिन उसने नेत्रपाल को बुलावा देने के लिए निमंत्रण कार्ड भेजने तक से इनकार कर दिया। रामसरन ने बेटे का शव देखने के बाद हत्या का आरोप लगाया है। इकलौते बेटे की मौत से परिजन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी तीन बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ सदर अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं आई है।
करंट लगने से मौत की सूचना पुलिस को दी
निगोही सीएचसी से थाने पर करंट लगने से नेत्रपाल की मौत होने का मेमो भेजा था। परिजन को भी करंट लगने से मौत होना बताया गया, लेकिन नेत्रपाल के पिता रामसरन ने बेटे की मौत पर सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि उसके सिर में दो जगह चोट के निशान हैं। नाक और कान से खून निकल रहा है।