कानपुर के बिल्लौर में सोमवार को डीसीएम और ट्रक की भिड़ंत में शाहजहांपुर निवासी डीसीएम चालक घायल हो गया। घायल को उसके परिवार वाले यहां ले आए। जिला अस्पताल में जगह नहीं होने पर घायल हो एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टर के मना करने पर परिवार वाले घायल को जिला अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला एमनजई जलालनगर निवासी 35 वर्षीय इस्माल खां पुत्र मो. शफीक अपनी डीसीएम चलाते थे। सोमवार को वह मीरानपुर कटरा से डीसीएम में आलू भरकर कानपुर जा रहे थे। कानपुर में बिल्लौर के पास उनकी डीसीएम की सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे में इस्माल गंभीर रूप से घायल हो गए। डीसीएम हेल्पर टिंकू ने हादसे की सूचना इस्माल के परिवार वालों को दी। पुलिस ने घायल इस्माल को बिल्लौर के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इसी बीच परिवार वाले वहां पहुंच गए और घायल को मंगलवार की शाम शाहजहांपुर जिला अस्पताल ले आए। जिला अस्पताल में जगह नहीं होने के कारण उसे भर्ती नहीं किया गया। परिवार वाले घायल को एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत नाजुक देखकर डॉक्टर ने इलाज से इनकार कर दिया। दोबारा परिवार वाले इस्माल को जिला अस्पताल ले गए, लेकिन जब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पोेस्टमार्टम कराने के बाद मृतक के परिवार वालों को सौंप दिया है।