तिलहर (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिलहर के डायमंड होटल के समीप पंक्चर खड़े ट्रक से पीछे से आ रही डीसीएम टकरा गई। हादसे में डीसीएम चालक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मंगलवार की सुबह करीब चार बजे बरेली से किराने का सामान लेकर शाहजहांपुर जा रहे एक ट्रक का टायर पंक्चर हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर डायमंड होटल के पास चालक ने ट्रक को साइड में खड़ा कर दिया। इसी दौरान गोभी लेकर जा रही डीसीएम पीछे से ट्रक में टकरा गई।
डीसीएम चालक अजय मिश्रा (35 वर्ष) निवासी गांव मुजीमाबाद करन, थाना तिलोईगंज, रायबरेली की मौके पर मौत हो गई। ट्रक चालक रामचरन निवासी मोहकमपुरकलां थाना भुता जिला बरेली, ट्रक में सवार सगे भाई सुमित कुमार, शानू कुमार निवासी सेटेलाइट थाना बारादरी, बरेली गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार देकर घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फोन कॉल से परिवार में मचा कोहराम
मंगलवार की सुबह छह बजे पुलिस के जरिये मृतक की पत्नी ज्योति को हादसे की सूचना दी। दंपती इन दिनों सीतापुर में रह रहे थे। पति की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। बेटा आर्या और आर्यन मिश्रा भी फफक पड़े। ज्योति अपने बच्चों को लेकर तुरंत ही शाहजहांपुर आ गईं। ज्योति ने बताया कि रविवार को अजय ट्रक में प्लाई भरकर जमुनानगर जाने के लिए निकले थे। वहां गाड़ी खाली करने के बाद पत्तागोभी भरकर इलाहाबाद जा रहे थे।
इंस्टाग्राम पर शेयर की थी रील
डीसीएम को भरने के बाद अजय ने इंस्ट्राग्राम पर रील भी शेयर की थी। ज्योति ने बताया कि जयपुर के गाड़ी मालिक राजू मीना से लंबे रूट पर भेजने से मना किया था। फिर भी इस रूट पर उन्हें गाड़ी लेकर भेज दिया। पूर्व में वह जयपुर रूट पर ही गाड़ी चलाते थे।
शाहजहांपुर में पोस्टमॉर्टम हाउस पर रिश्तेदारों से गम साझा करती ज्योति। संवाद
शाहजहांपुर में पोस्टमॉर्टम हाउस पर रिश्तेदारों से गम साझा करती ज्योति। संवाद