शाहजहांपुर। एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा ने कहा कि बेटियों को शिक्षित और सशक्त बनाना शासन का उद्देश्य है। इसके लिए सरकार विभिन्न योजनाएं संचालित कर रहीं हैं। छात्राएं न केवल शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करें बल्कि आत्मनिर्भर भी बनें। उन्होंने कहा कि छात्राएं सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए सजग रहें।
वह अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अपराजिता कार्यक्रम में बोल रहे थे। जीएफ कॉलेज के कमेटी हॉल में हुए कार्यक्रम में एडीएम ने कहा कि कभी घर की चौखट को लांघने से गुरेज करने वालीं बेटियां खेल से लेकर राजनीति तक में सक्रिय हैं। बेटियां काफी बेहतर काम कर रही हैं।
जिस समर्पण से बेटियां काम कर रही हैं, उससे वे लगातार आगे निकल रहीं हैं। सरकार ने मुख्यमंत्री सुमंगला योजना, छात्रवृत्ति योजनाओं को चलाने के साथ ही निशुल्क टेबलेट-स्मार्ट फोन भी दिए हैं। योजनाओं का लाभ लेकर छात्राएं निरंतर उच्च शिखर पर पहुंचने का लक्ष्य तय करें।
उन्होंने बताया कि दसवीं और बारहवीं से लेकर सिविल सेवा परीक्षा तक में बेटियों ने अपना झंडा बुलंद किया है। कोई भी रिजल्ट आए, उसमें बेटी टॉप जरूर करती है। उन्होंने छात्राओं की कॅरिअर काउंसलिंग करते हुए कहा कि छात्र जीवन से ही वे अपना लक्ष्य अवश्य तय करें।
अपने कॅरिअर को चुनकर सतर्क रहना होगा। सही कॅरिअर को चुनें, जिससे भविष्य बेहतर हो सके। शिक्षित होने पर कॅरिअर के काफी विकल्प खुले हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने मिशन शक्ति अभियान चला रखा है। इसमें युवतियों व महिलाओं को सशक्त किया जा रहा।
थानों से लेकर प्रमुख स्थानों पर महिला हेल्पडेस्क बनाई गईं हैं जिसमें महिलाओं की सुनवाई होती है। उन्होंने एसआईआर पर चर्चा करते हुए कहा कि 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुकीं छात्राएं अपना वोट अवश्य बनवा लें। विशिष्ट अतिथि नायब तहसीलदार अपूर्वा सिंह ने बताया कि महिला आर्थिक रूप से सशक्त होगी तो परिवार को बढ़ावा मिलेगा।
इसलिए महिलाओं को शिक्षित होने के साथ आर्थिक रूप से मजबूत होना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर महिलाओं के लिए सरकार ने कई तरह की हेल्पलाइन चला रखी है। किसी बालिका का कोई परेशान कर रहा है तो 1090 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। वहां उसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस से मदद के लिए 112 नंबर पर फोन करना है। यह काफी उपयोगी है और दस मिनट के अंतर मदद मिलती है। अतिथियों ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर और अखबार पढ़ना क्यों जरूरी है विषय पर भी जरूरी जानकारी दी। इस दौरान करीब 80 छात्राएं मौजूद रहीं।
महाविद्यालय के प्राचार्य मोहसिन हसन खां ने अतिथियों का बुके देकर स्वागत करते हुए आभार जताया। हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. फैयाज अहमद, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रजा रसूल, डॉ.समन जेहरा जैदी, डॉ.निजामुद्दीन खान आदि मौजूद रहे। संचालन छात्रा अलवीरा ने किया।