केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने सपा सरकार में महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस सरकार में बहू, बेटियों की आबरू से खिलवाड़ किया गया। मतदाताओं से अपील की कि भ्रष्टाचार, लूट, बलात्कार और गुंडई को ध्यान रखते हुए उसके खिलाफ वोट करें। खिरनी बाग स्थित जीआईसी मैदान में रविवार को उन्होंने भाजपा प्रत्याशी सुरेश खन्ना के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। स्मृति ने कहा कि पिछली बार केंद्र में कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए की सरकार में घोटालों का एक रिकार्ड बन गया। यूपीए में सपा भी शामिल थी। अब इन्हीं घोटालेबाजों ने प्रदेश में एकबार फिर गठबंधन किया है। इसमें एक ऐसे युवा हैं, जिन्हें देश की जनता नेता के रूप में स्वीकार ही नहीं कर रही है, इसलिए वह प्रदेश के नेता बनने के लिए साइकिल पर बैठ गए। भाजपा नेत्री ने कहा कि यह प्रदेश रामराज के लिए जाना जाता है, जहां पिता की आज्ञा का पालन करने के लिए बेटा वनवास चला जाता है, लेकिन यहां सत्ता के लालच में बेटा अपने बाप का ही सिंहासन छीनकर उन्हें घर बैठने को मजबूर कर रहा है। इससे पूर्व प्रदेश महामंत्री अशोक कठेरिया और भाजपा प्रत्याशी सुरेश कुमार खन्ना ने सपा सरकार पर निशाना साधते हुए भ्रष्टाचार और अपराधमुक्त वातावरण के लिए विजयी बनाने की अपील की। सभा में जिलाध्यक्ष राकेश कुमार मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मंजुला बाथम, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष फिरासत अली, विधानसभा प्रभारी अनुज गुप्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता राजाराम मिश्रा, अरुण सागर, वीरेंद्र पाल यादव, डीपी सिंह, अनिल वाजपेयी, पंकेश मिश्रा, सुचित सेठ, रमाकांत मिश्र आदि मौजूद रहे। संचालन अनिल मालवीय ने किया।
आइस कटर मशीन पर ली चुटकी
स्मृति ईरानी ने सपा सरकार नगरपालिका में मंगाई गई बर्फ काटने की मशीन पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि जहां ओले तक नहीं गिरते हों वहां आइस कटर मशीन खरीदकर भ्रष्टाचार की मिसाल पेश की गई। चिराग तले अंधेरा कहावत सुनाते हुए कहा कि जहां पावर परियोजना चल रही हो, वहां के लोग बिजली को तरसे, यह भी हास्यास्पद है।
पंकज बाथम समेत कई ने दिया समर्थन
केंद्रीय मंत्री की जनसभा में पंकज बाथम, प्रधान संघ समेत तमाम लोगों ने भाजपा को समर्थन दिया और पार्टी के सभी प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। पंकज बाथम के साथ बड़ी संख्या में लोग भाजपा में शामिल हुए।