कांवड़िया यश उर्फ दीप का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। कांट थाना क्षेत्र के कुर्रियाकला गांव निवासी 18 वर्षीय डाक कांवड़िया यश उर्फ दीप शुक्रवार सुबह फर्रुखाबाद जिले के निविया चौराहा के पास किसी वाहन की टक्कर लगने से घायल हो गए। अल्हागंज सीएचसी पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार, यश बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे गांव के 14-15 लोगों के साथ फर्रुखाबाद के पांचाल घाट के लिए निकले थे। वहां पहुंचकर सभी ने डाक कांवड़ में गंगाजल लिया और गांव स्थित शिव मंदिर के लिए हर-हर महादेव के जयघोष करते हुए चल दिए। शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे जैसे ही यश फर्रुखाबाद के थाना राजेपुर क्षेत्र के निविया चौराहा के पास पहुंचे, किसी वाहन की टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल यश को अल्हागंज सीएचसी लाया गया। यहां डॉक्टर ने चेकअप कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। यश की मौत की खबर सुन उसकी बहन यीशू बिलख पड़ी। परिजनों ने बताया कि यश के पिता की मौत हो चुकी है। मां भी साथ नहीं रहती हैं। बहन चचेरे भाई के घर पर रहकर पढ़ाई करती है। यश गांव में रहकर अपनी खेतीबाड़ी देखता था। सीओ जलालाबाद दीपक कुमार सिंह ने बताया कि हादसा फर्रुखाबाद में हुआ है। वहीं की पुलिस कार्रवाई करेगी।
खुटार में खाई में बाइक गिरने से दो लोग घायल
खुटार। खाई में बाइक गिरने से दो लोग घायल हो गए। गांव खंडसार निवासी सुभाष मिश्रा उर्फ पिंटू किसी काम से बाइक पर खुटार आ रहे थे। उनके साथ में गांव के ही सुभाष भी थे। खुटार-बंडा मार्ग पर रजमना गांव की मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। जिससे दोनों लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 112 गाड़ी के पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस मंगवाकर घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने के कारण सुभाष मिश्रा उर्फ पिंटू को शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया वहीं दूसरे घायल सुभाष को उपचार के बाद छुट्टी देकर घर भेज दिया गया। संवाद
कांवड़िया यश उर्फ दीप का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन