शाहजहांपुर। लोहाराें का चौराहा स्थित श्री मनोकामनेश्वर मंदिर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के तीसरे दिन सोमवार को भगवान लड्डू गोपाल की दधिकांदो शोभायात्रा बैंडबाजे के साथ हर्षोल्लास से निकाली गई। शोभायात्रा में रथों और वाहनों पर सवार देव स्वरूपों की झांकियां सभी के आकर्षण का केंद्र रहीं। कई जगह लड्डू गोपाल और झांकियाें पर पुष्पवर्षा की गई।
शोभायात्रा में सबसे आगे बैंडवादकों की टोली धार्मिक गीतों और भजनों की धुनें बजाते हुए चलीं। इससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। उनके पीछे वाहनों पर डीजे बजते हुए चले। श्रीराम दरबार, गणपति, देवकी-वासुदेव, विष्णु भगवान, श्री शिव-पार्वती, भक्त प्रहलाद, दुर्गा माता, सरस्वती मां, हिरण्यकशिपु-नृसिंह, भक्त श्रवण कुमार आदि की झांकियाें ने सभी का मन मोह लिया। सबसे आगे भगवान बाल गोपाल के हिंडोले के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने प्रसाद लिया।
इस अवसर पर मंदिर के पुजारी अशोक शर्मा ने श्रद्धालुओं पर हल्दी और दही मिश्रित जल छिड़ककर उन्हें भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की बधाई दी। शोभायात्रा मंदिर से तिलहर जई, ककरा कलां मार्ग, आनंदपुरम, गंधक फैक्टरी, कच्चा कटरा, पोस्ती पाकड़ और अंबा सिनेमा होते हुए वापस मंदिर पहुंची।
यहां मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सर्वेश्वर दयाल तिवारी ने भगवान की आरती की। व्यवस्था में पं. सुनील शास्त्री, भगवान शरण सांख्यधर, केके सिंह, राजेश अवस्थी, ओम प्रकाश सिंह, सुमित शर्मा, शिवम पांचाल आदि का सहयोग रहा।
भगवान की झांकी सजाकर आयोजित की भजन संध्या
कुर्रियाकलां। गांव के प्रसिद्ध देवी मंदिर परिसर में रविवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भगवान की झांकी सजाकर भजन संध्या आयोजित की गई। इसके लिए मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया। मैनपुरी से आए कलाकारों ने भजनों पर नृत्य कर आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। व्यवस्था में चिराग मिश्रा, अंशू कुमार, वीरेंद्र मिश्रा,अनुज दीक्षित, शिवांशु आदि का सहयोग रहा। संवाद
कुर्रियाकलां के देवी मंदिर में प्रस्तुति देते कलाकार। संवाद