निगोही। साइकिल से दुकान जा रहे युवक को शाहजहांपुर-निगोही रोड पर कार ने चपेट में ले लिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित परिजन सड़क पर शव रखकर धरने पर बैठ गए। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने आश्वासन देकर बमुश्किल 4 घंटे बाद यातायात सुचारू कराया।
मूल रूप से थाना क्षेत्र के गांव रसूलापुर चठिया निवासी गंगाधर (40) रोजा थाना क्षेत्र के हथौड़ा में किराये पर रहते थे। उनकी सतवां में बाल काटने की दुकान है। बृहस्पतिवार दोपहर 12:30 बजे साइकिल से वह अपनी दुकान जा रहे थे। सतवां गांव के पास ही सड़क पार करने के दौरान शाहजहांपुर की ओर से आ रही कार ने उन्हें चपेट में लिया।
टक्कर लगने से उछलकर वह सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार समेत भाग गया। आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने नामजद मुकदमा दर्ज करने, आवास दिलाने और कृषि दुर्घटना बीमा का लाभ दिलाने की मांग पर अड़े रहे।
इस पर एसडीएम सदर ज्ञानेंद्र नाथ, सीओ सदर अमित चौरसिया, तहसीलदार अरुण सोनकर समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीएम सदर ने जब सहायता दिलाने का आश्वासन दिया तब शाम पांच बजे जाम खोला जा सका।
-
रिंग रोड से गुजारे गए वाहन
-परिजनों के प्रदर्शन के कुछ देर बाद ही सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इस बीच पुलिस ने रिंग रोड से रूट डायवर्ट कर दिया। इस कारण ज्यादा लोगों को जाम से जूझना नहीं पड़ा। पांच बजे परिजन जब सड़क से हटे तब यहां से वाहनाें को गुजारा गया।
-
पत्नी और बेटी बिलख पड़ी, मांगी मदद
-हादसे की सूचना पर गंगाधर की पत्नी पूजा और 16 साल की बेटी दीपा रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गईं। पूजा ने पति की मौत और गरीबी का हवाला देकर मदद की गुहार लगाई। अधिकारियों ने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
-
परिजनों से वार्ता कर ली गई है। शासनादेश के अनुसार मृतक के परिवार वालों की हर संभव मदद की जाएगी।
ज्ञानेंद्र नाथ, एसडीएम।
-
-तहरीर के आधार पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। उसका पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।
अमित चौरसिया, सीओ सदर
गंगाधर के परिजनों से जानकारी लेते सीओ सदर अमित चौरसिया व एसडीएम सदर ज्ञानेंद्र नाथ। स्रोत: जागर