गुनारा गांव में शनिवार की रात दुर्गा मंदिर के सेवादार की कंरट लगने से मौत हो गई। रविवार की सुबह मंदिर में उनका शव पड़ा मिला। गांव गुनारा निवासी 35 वर्षीय अनूप उर्फ पप्पू मौर्य गांव से कुछ दूरी पर फर्रुखाबाद रोड पर बने दुर्गा मंदिर में सेवादार थे। वह अक्सर मंदिर में रुक जाया करते थे। शनिवार शाम वह मंदिर के लिए निकले, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। परिवार वालों ने सोचा कि वह मंदिर में रुक गए होंगे। रविवार की सुबह ग्रामीण मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो सेवादार का शव पड़ा देखा। उनके हाथ में प्लास थमा हुआ था। वहीं पास में बिजली का तार टूटा हुआ पड़ा था। सेवादार की मौत की खबर फैलने के गाद मंदिर में भीड़ इकट्ठी हो गई। हादसे की खबर पहुंचने पर अनूप के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की गर्भवती पत्नी छोटी पति की मौत से बेसुध हो गई है। ग्रामीणों का मानना है कि सेवादार की मौत बिजली का करंट लगने से हुई होगी।