डीपीआरओ की कार्य शैली से सफाई कर्मी नाराज
जिला पंचायत राज अधिकारी की कार्य शैली से विभाग के सफाई कर्मचारी बेहद खफा हैं। उप्र पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की रविवार को हुई बैठक में वक्ताओं ने डीपीआरओ पर संवर्ग की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर संघ के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार छावला ने कहा कि विभाग के सफाई कर्मचारी ऋण सुविधा न मिलने, खाते ट्रांसफर न होने, वेतन से पीपीएफ की कटौती न होने, पीपीएफ की पासबुक नहीं बनाए जाने, बकाया एरियर व अवकाश स्वीकृत न होने, अकारण ट्रांसफर किए जाने आदि समस्याओं को लेकर परेशान हैं। इन समस्याओं पर डीपीआरओ को पत्र भी लिखा गया, लेकिन उन्होंने वार्ता करने की कोई जरूरत नहीं समझी। डीपीआरओ चाहे निलंबित करेेें अथवा झूठे आरोप लगाकर जेल भिजवाएं, लेकिन कर्मचारी हित में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता करते हुए संघ की बंडा ब्लॉक इकाई के अध्यक्ष अनुज यादव ने कहा कि किसी भी कर्मचारी का उत्पीड़न सहन नहीं किया जाएगा। यदि कार्मिक समस्याओं का जल्द निस्तारण नहीं किया गया तो सफाई कर्मचारी आंदोलन को बाध्य हो जाएंगे। साथ ही 19 अप्रैल को चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ द्वारा लखनऊ में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन सफल बनाने का निर्णय किया गया। बैठक में रासागर कुशवाहा, सुखलाल यादव, हरी रतन, रवींद्र वर्मा, राजीव आर्य, सत्यपाल, भारत राणा, सियाराम वाल्मीकि, जय सिंह, अशोक कठेरिया आदि शामिल रहे।