सीएससी ग्रामीण ई स्टोर एप का लोगो
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। कोरोना काल में लोग अपने घरों से न निकले इसके लिए कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालक उनकी जरूरत का सामान घर-घर पहुंचाएंगे। यह सुविधा शहरी ही नहीं ग्रामीण इलाकों में भी मिलेगी। अब बस आपको घर बैठे सीएससी के ई-स्टोर एप के माध्यम से ऑर्डर करना है। इसके बाद नमक से लेकर कार तक हर चीज आपके दरवाजे पर पहुंच जाएंगी। वह भी बाजार से कम दामों पर उपलब्ध होगी।
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों जगह-जगह कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) का संचालन होता है। जोकि भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा संचालित हैं। जहां पर अब तक सरकारी योजनाओं के लिए आनलाइन आवेदन और बैंकिंग लेनदेन से संबंधित काम ही हुआ करते हैं, लेकिन अब इन केंद्रों द्वारा लोगों को घरेलू उपयोग में आने वाली चीजों की बिक्री सीएससी ग्रामीण ई-स्टोर के माध्यम से शुरु की गई है। जिसमें कोई भी व्यक्ति गूगल प्ले स्टोर पर जाकर सीएससी ग्रामीण ई-स्टोर का एप डाउनलोड करके अपने पास के किसी भी सीएससी संचालकों को पिन कोड के माध्यम से सर्च कर अपना आर्डर लगा सकता है। जिसके बाद केंद्र संचालक द्वारा आपकी जरूरत का सामान घर तक पहुंचाया जाएगा।
यह सभी चीजें होगी उपलब्ध
सीएचसी ग्रामीण ई-स्टोर एप के माध्यम से खाने-पीने का सामान, सब्जी व अन्य घरेलू वस्तुओं के साथ ही रेनाल्ट की गाड़ी, कश्मीरी केशर, बिस्कुट, सब्जी मसाला, टाटा के प्रोडक्ट, बजाज के सभी उपकरण, फ्रिज, वाशिंग मशीन आदि ऑर्डर कर सकते हैं। यह सब बाजार मूल्य से कम दामों पर दिए जा रहे हैं।
इस तरह से करें आवेदन
सीएससी ग्रामीण ई-स्टोर पर आर्डर करने के लिए सबसे पहले किसी भी उपभोक्ता को गूगल प्ले स्टोर से सीएससी ग्रामीण का एप इंस्टाल करना होगा। इसके बाद पूछे गए विवरण को भरकर अपना रजिस्ट्रेशन के कर लें। उसके बाद अपने एरिया के किसी भी संचालक को पिन कोड के माध्यम से आर्डर कर सामान मंगाया जा सकता है।
सुविधा का उठाएं लाभ
सीएससी के जिला प्रबंधक संजय कुमार, विपुल कुशवाहा व जिला समन्वयक चंद्रहास श्रीवास्तव ने बताया कि सीएससी ग्रामीण ई-एप के माध्यम से अपनी जरूरत का सामान घर बैठे मंगाया जा सकता है। अपने मोबाइल पर एप को डाउनलोड कर सुविधा का लाभ उठाएं।