रक्षाबंधन से पूर्व रविवार को बाजार में खासी रौनक रही। सुबह बारिश के बाद दोपहर तक मौसम खुला रहा, जिससे गर्मी भी जमकर हो गई, लेकिन उसके बाद रुक-रुक कर होती रही बरसात से दुकानदारों के चेहरों की हवाइयां उड़ती रहीं। मौसम की मार के बावजूद महिलाओं और बच्चों ने राखियों की जमकर खरीददारी की।
रक्षाबंधन के लिए बाजार में दुकानें सजी रहीं। राखी और मिठाई की दुकानों पर तो सुबह से भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। चौक से लेकर सदर बाजार तक सजी राखी की दुकानों पर महिलाएं बच्चों के साथ मनचाही राखियां तलाशने में जुटी रहीं। बाजार में भी एक से बढ़कर एक कीमती राखी देखने को मिली। इस बार अधिक ऊंचाई वाली राखियों की मांग नगण्य रही। फैंसी राखियों की डिमांड अधिक होने से दुकानदारों ने मुंहमांगी कीमत भी वसूली।
वहीं मिठाई की नामी-गिरामी दुकानों पर भीड़ छटने का नाम ही नहीं ले रही थी। दुकानदारों ने भी पहले से ही मिठाई के डिब्बे पैक करके रख लिए थे, ताकि ग्राहकों का समय बर्बाद न हो और भीड़ भी इकट्ठी न हो सके। इसके बावजूद बहनों ने भाइयों की मनपसंद मिठाई खरीदने में ही रुचि दिखाई। वहीं, बच्चों के लिए चाकलेट और उपहार भी खूब बिके। इसके साथ ही त्योहार के मुख्य आइटम सेवइयां और सूतफेनी की बिक्री भी जमकर हुई।
युवतियों ने ब्यूटी पार्लर और फुटपाथ पर मेहंदी भी खूब लगवाई। चूड़ी वाली गली में तो मेहंदी लगवाने के लिए युवतियों और महिलाओं को अपनी बारी का इंतजार भी करना पड़ा। मिठाई और राखी की दुकानें आधी रात तक खुली रहीं।
बाजार में वाहनों के प्रवेश से खड़ी हुईं समस्याएं
सदर बाजार और बहादुरगंज जैसे प्रमुख बाजार में ई-रिक्शा और चौपहिया वाहनों पर प्रवेश पर कोई रोक नहीं होने से दुकानदारों और ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना पड़ा। वाहनों के कारण जगह-जगह जाम भी लगा रहा। वहीं, सदर बाजार थाना के सामने ही लोगों ने वाहनों की पार्किंग करनी शुरू कर दी थी, जिससे भी समस्याएं खड़ी हुईं।