तिलहर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुबेरगंज में मरीजों को मरीज की दवा लिखते डॉ.अनुराग गुप्ता।
तिलहर। तहसील क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों में खांसी, जुकाम और पेट दर्द के मरीजों की भरमार रही। डॉक्टरों के अनुसार मौसम में बदलाव के कारण खांसी-जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
नगर की तीनों पीएचसी पर कुल 120 मरीजों ने पर्चे बनवाए। इनमें से 40 मरीजों की विभिन्न जांचें कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। राजनपुर पीएचसी पर डॉ. अभिषेक जौहरी ने 50 मरीजों का परीक्षण किया। इनमें से 14 मरीजों की जांच भी कराई। रमापुर पीएचसी पर डॉक्टर का पद रिक्त होने से फार्मासिस्ट संजीव कुमार ने 45 मरीजों में 14 के खून के नमूने लिए। कुंवरगंज पीएचसी पर प्रभारी डॉ. अनुराग गुप्ता ने 25 मरीजों का उपचार किया और 12 मरीजों की जांचें भी कराईं।
खुदागंज। हसनापुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित आरोग्य मेले में डॉ. फहीम खां ने 21 मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें दवाएं दीं। उन्होंने बताया कि बुखार के सात, दाद-खुजली आदि चर्म रोग के आठ, पेट दर्द के चार और दो अन्य मरीज आए। मरीजों की जांच और दवा वितरण में लैब टेक्नीशियन योगेंद्र पाल, फार्मासिस्ट कन्हैया लाल, विशन दयाल आदि का सहयोग रहा।