बेमौसम बरसात के चलते गेहूं की फसल के हुए नुकसान की सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद एसडीएम ने जांच कार्य की सत्यता के लिए मंगलवार को विभिन्न विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजकर क्रास चेकिंग कराई।
इस संबंध में एसडीएम जंगबहादुर यादव ने बताया कि होली के बाद से लेकर अभी हाल में हुई बरसात से विभिन्न गांवों में किसानों का जो फसली नुकसान हुआ उसका सर्वे राजस्व कर्मियों द्वारा कराया गया था। सर्वे रिपोर्ट में क्षेत्र के 3510 किसानों का 50 प्रतिशत से अधिक तथा 54170 किसानों का 25 से 49 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है। बताया कि उक्त दोनों रिपोर्ट के अनुसार प्रभावितों को मुआवजा के रूप में वितरित करने के लिए करीब 20 करोड़ 70 लाख के अनुदान राशि दिए जाने की मांग शासन को भेजी जा रही है। मंगलवार को तहसील दिवस के बाद एसडीएम ने जांच कार्य की सत्यता परखने को वहां मौजूद विभिन्न विभाग के अधिकारियों को उन गांवों में भेजकर क्रास चेकिंग कराई जहां राजस्व कर्मियों ने सर्वे कार्य किया था।