भाजपा की पं. दीन दयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान विभाग कार्यशाला का दूसरे दिन समापन हो गया। कार्यशाला में शाहजहांपुर और पीलीभीत के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। दो दिन चली कार्यशाला में भाजपाइयों ने देश-प्रदेश की स्थिति पर विचार-विमर्श किया और पार्टी को मजबूत बनाने की रणनीति तय की।
संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कार्यशाला के अंतिम दिन मुख्य अतिथि विधानमंडल दल के नेता एवं शहर विधायक सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि एक ओर केंद्र में मोदीजी के नेतृत्व में सरकार का देशभर में डंका बज रहा है। वहीं दूसरी ओर प्रदेश सरकार जेई से इंजीनियर बने यादव सिंह के भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए सुप्रीमकोर्ट में भी पैरवी करने से पीछे नहीं हट रही है। अपराधियों को बचाना, गुंडागर्दी करने वाले असामाजिक तत्वों को संरक्षण देना प्रदेश सरकार की चरित्र बन चुका है। ऐसी सरकार से प्रदेश बचाने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से कमर कसनी होगी, ताकि आगामी चुनाव में उसे सबक सिखाया जा सके।
खन्ना ने कहा कि नमामि गंगे, सुकन्या समृद्धि योजना, स्वच्छता अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, दुर्घटना बीमा, कालेधन पर एसआईटी गठन, स्वर्ण चतुर्भुज जैसी तमाम योजनाएं केंद्र सरकार की उपलब्धियों का बखान स्वयं कर रही हैं। इस सत्र की अध्यक्षता बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की प्रमुख पूर्व चेयरमैन सरोज गुप्ता ने की।
कार्यशाला सत्र में विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने कहा कि भाजपा का वैचारिक अधिष्ठान देश के स्वाभिमान, सम्मान और संस्कृति से जुड़ा है। इसीलिए पार्टी के वैचारिक अधिष्ठान से अन्य दल घबराते हैं। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर सिंह ने की।
कार्यशाला में बरेली क्षेत्र के अध्यक्ष वीएल वर्मा, क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री जेपीएस राठौर, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बाबूराम गुप्ता, पीलीभीत के जिलाध्यक्ष सुरेश गंगवार, शाहजहांपुर के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव, महामंत्री राकेश मिश्रा, डीपी सिंह, पूर्व विधायक कोविद सिंह, अवधेश वर्मा और धीरेंद्र प्रसाद, सुधीर गुप्ता, डॉ. राम लडै़ते कुशवाहा, मलिखान सिंह लोधी, राम बरन सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपाई शामिल हुए।