बंडा ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक के दौरान सीडीओ पुलकित खरे से एक पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य ने अभद्रता की। समझाने पर शांत होने के बजाय उसने सीडीओ से हाथापाई और धक्का दे दिया। सीडीओ के सुरक्षाकर्मियों ने पूर्व बीडीसी सदस्य को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। बंडा बीडीओ पीएन द्विवेदी ने पूर्व बीडीसी सदस्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराने की तहरीर दी है। सोमवार को बंडा ब्लॉक कार्यालय का निरीक्षण करने के बाद सीडीओ पुलकित खरे विकास भवन के सभागार में आंगनबाड़ी वर्कर्स, ग्राम प्रधानों व ब्लाक कर्मचारियों के साथ बैठक कर रहे थे। बैठक के दौरान ग्राम धरमंगदपुर निवासी पूर्व बीडीसी रघुराज ने बीडीओ पीएन द्विवेदी पर आवास आवंटन में प्रति आवास पांच हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाया। बैठक में बिना किसी आधार के गंभीर आरोप लगाने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई और चेताया कि बिना आधार आरोप लगाने पर जेल भेजा जा सकता है। फिर रघुराज को समझाया कि यदि कोई आपत्ति है शिकायत लिखित में करो। इस पर रघुराज ने गुस्सा दिखाते हुए नारेबाजी की और हाथ में लिया एक प्रार्थनापत्र सीडीओ की तरफ फेंक दिया। सीडीओ के अनुसार, जब उन्होंने रघुराज के इस व्यवहार पर आपत्ति जताई तो मीटिंग हाल से बाहर निकलने के दौरान वह हाथापाई करने लगा और धक्का दे दिया। इससे लोग सकते में आ गए। सीडीओ के साथ एस्कार्ट ड्यूटी पर तैनात पुलिस ने रघुराज को गिरफ्तार कर लिया और जिला मुख्यालय ले आई। सीडीओ के निर्देश पर पर बीडीओ द्विवेदी ने पूर्व बीडीसी सदस्य रघुराज पर सरकारी सेवक पर हमला, सरकारी काम में बाधा डालने की धाराओं में थाने में तहरीर दी है।
डीएम के निर्देश पर प्रशासन के सभी अधिकारी जनता के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। इसके बावजूद पूर्व बीडीसी रघुराज ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए माहौल बिगाड़ने के लिए नारेबाजी की और मुझे धक्का देकर गिराने की कोशिश की। यह सरकारी सेवक पर हमला है। रघुराज को शांति भंग के आरोप में जेल भेजा जा रहा है और उसके खिलाफ इन्हीं आरोपों से संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
- पुलकित खरे, मुख्य विकास अधिकारी