एक महिला ने खुद को बंडा के गांव ढुकरी बुजुर्ग में एक घर में बंधक बनाने की सूचना देकर पुलिस को खूब छकाया। सूचना पर यूपी-100 के दो वाहन और बंडा थाने से भी फोर्स मौके पर पहुंची और गांव के तमाम घरों में जाकर जांच की लेकिन गांव के लोगों ने ऐसे किसी मामले से इंकार कर दिया।
बृहस्पतिवार दोपहर बाद चार बजे किसी महिला ने यूपी-100 पर कॉल कर बताया कि उसे बंडा के गांव ढुकरी बुजुर्ग में बंधक बनाकर रखा गया है। महिला ने पुलिस से मदद मांगते हुए खुद को छुड़वाए जाने की गुहार की। यूपी-100 से बंडा थाने को सूचना दी गई तो पुलिस में खलबली मच गई। दरोगा नासिर खां फोर्स लेकर गांव पहुंचे, उधर यूपी-100 के दो वाहनों से पुलिसकर्मी मौके पर जा पहुंचे। पुलिस ने गांव के प्रधान सहित तमाम लोगों से मामले की जानकारी ली, लेकिन लोगों ने गांव में इस तरह के किसी मामले के होने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने घर घर जाकर लोगों से पूछताछ की और कई घरों में जांच भी की, लेकिन किसी महिला के बंधक होने की पुष्टि नहीं हुई।
इसके बाद पुलिस ने महिला के नंबर पर कॉल की तो कई बार घंटी बजने के बाद भी फोन रिसीव नहीं किया गया। इसके बाद फोन स्विच ऑफ कर लिया। रात आठ बजे पुलिस गांव से वापस लौट आई। दरोगा नासिर खां ने बताया कि गांव ढुकरी में कोई महिला बंधक नहीं है, किसी ने झूठी सूचना देकर पुलिस को परेशान किया है।