शादी का झांसा देकर एक युवती को रिश्तेदार युवक अपने साथ ले गया और महीने भर अलग-अलग स्थानों पर बंधक बनाकर दुराचार किया। शुक्रवार रात आरोपी ने अपने साथियों के साथ युवती को जान से मारने की नियत से नहर में फेंकने की कोशिश की। मगर उसी समय उधर से वाहन से आरोपी पकड़े जाने के डर से युवती को छोड़कर भाग गए। पुवायां इलाके की युवती का निकाह सिंधौली थाना क्षेत्र में हुआ था। इसके कुछ दिन बाद ही उसे पति ने तलाक दे दिया। फिर सिंधौली क्षेत्र के गांव में युवती का दूसरा निकाह कर दिया गया। युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बंडा के गांव देवकली में उसकी बहन रहती है। रिश्तेदारी के नाते बहन के जेठ के लड़के का युवती के घर आना-जाना था। तीन मई को युवती को निकाह कर लेने का झांसा देकर आरोपी रिश्तेदार अपने साथ ले गया और गांव नवदिया बंकी आदि में रखकर दुराचार किया। आरोपी दिन में उसे कमरे में बंद रखता था और रात को दुराचार करता था।
विरोध करने पर शुक्रवार को आरोपी युवक अपने एक साथी को लेकर नवदिया बंकी पहुंचा और युवती को बाइक पर बैठाकर गांव मकसूदापुर स्थित शारदा नहर की पटरी पर ले गया। दोनों ने दुपट्टे से युवती के हाथ, पैर बांध दिए और हत्या की नियत से नहर में फेंकने को थे। मगर इसी बीच किसी वाहन की रोशनी पड़ने पर दोनों उसे पटरी पर छोड़कर भाग गए। उसने किसी तरह अपने आप को बंधन मुक्त किया और कुछ दूर जाकर झाड़ियों में छिपकर बैठ गई। आरोपी फिर से मौके पर पहुंचे और उसे तलाश किया, लेकिन युवती के न मिलने पर लौट गए। शनिवार सुबह युवती ने गांव पहुंचकर लोगों को आपबीती बताई। लोगों ने तुरंत बंडा पुलिस को मामले की जानकारी दे, लेकिन दोपहर एक बजे दो सिपाही मौके पर पहुंचे और युवती को धमकाने लगे। ग्रामीणों के कहने पर बमुश्किल लड़की थाने ले जाई गई, लेकिन तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। यही नहीं लड़की को उसके भाई की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। इसके बाद बंडा पुलिस के कहने पर युवती पुवायां कोतवाली पहुंची और पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुवायां में भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
एएसपी की फटकार के बाद भी नहीं लिखी रिपोर्ट
इस मामले में बंडा पुलिस की लापरवाही और गैर जिम्मेदाराना रवैया सामने आया है। युवती अपनी जान को खतरा बताते भाई और बहनोई साथ जाने को तैयार नहीं थी। मगर पुलिस ने जबरन भेजने का प्रयास किया। इससे नाराज लोगों ने एएसपी रमेश कुमार भारतीय को मामले की जानकारी दी। एएसपी की फटकार के बाद सिपाही युवती को लेकर थाने गए। युवती की ओर से पुलिस को दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई। बंडा पुलिस का कहना है कि घटना की शुरूआत पुवायां क्षेत्र से हुई है।
मामला पुवायां कोतवाली क्षेत्र से संबंधित है। पुवायां के इंस्पेक्टर को मामले की जानकारी देकर युवती को वहां जाकर कार्रवाई कराने को कहा गया है। युवती को भाई के साथ जबरिया भेजने की बात गलत है। - राजेश सिंह एसओ बंडा