गांव मानपुर पिपरिया में छंगालाल की मौत मामले में शुक्रवार को पोस्टमार्टम
होकर शव घर पहुंचने पर परिवार के लोगों ने अंतिम संस्कार करने से इंकार कर
दिया। शनिवार को पूरे दिन परिवार के लोगों को अंतिम संस्कार किए जाने के
लिए मनाया जाता रहा, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
गौरतलब है कि
बृहस्पतिवार को छंगालाल के पुत्र ओमकार का खेत की सिंचाई करते समय गांव के
ही गुरदीप सिंह आदि से विवाद हो गया था। जानकारी पर छंगालाल भी खेत पर गया।
बाद में वह बेहोशी की हालत में खेत में पड़ा मिला। पुत्र राजेंद्र ने
गुरदीप सिंह सहित पांच लोगों पर पिता पर पीटने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट
दर्ज कराई थी।
डॉक्टरों ने छंगालाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने एनसीआर
को गैर इरादतन हत्या की धारा में तरमीम कर दिया और शुक्रवार को शव
पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम में शव पर चोट का कोई निशान नहीं
पाया गया और मौत का कारण हार्ट अटैक से बताया गया था।
शुक्रवार शाम
पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो पुत्र राजेंद्र ने दोबारा पोस्टमार्टम
कराए जाने की मांग को लेकर अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। शनिवार
को सीओ बीडी कठेरिया गांव पहुंचे और मृतक के परिवार वालों को अंतिम
संस्कार के लिए मनाया, लेकिन वे लोग तैयार नहीं हुए।
मृतक का पुत्र
राजेंद्र घर से कहीं चला गया है। परिवार के लोगों का कहना है कि छंगालाल की
हत्या की गई है। सीओ का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।