गांवसभा बंडा की समितियों के गठन केलिए नायब तहसीलदार की मौजूदगी में बुलाई गई बैठक के दौरान प्रधान पक्ष और विपक्ष के बीच विवाद के दौरान फायरिंग हो गई। इससे मौके पर भगदड़ मच गई। अंत में बैठक स्थगित कर दी गई। दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे पर जानलेवा हमले की तहरीर दी गई है।
नगर के सुनासीर नाथ इंटर कॉलेज में शनिवार सुबह 11 बजे समितियों के गठन के लिए नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में गांवसभा की बैठक बुलाई गई थी। बैठक की कार्रवाई शुरू होने पर सदस्य ओमवीर सिंह ने कहा कि प्रधान पहले ही फर्जी समितियां गठित कर चुके हैं। कोर्ट के आदेश पर इसका मुकदमा भी दर्ज हो चुका है। जब तक इसका निस्तारण नहीं हो जाता तब तक दुबारा समितियों का गठन नहीं किया जा सकता है।
ओमवीर सिंह ने सचिव को एक पत्र देते हुए उसे रिसीव करने को कहा। प्रधान साबरी बेगम के पति मोहम्मद इसहाक ने इस पर आपत्ति कर दी। इसी बात को लेकर विवाद के तूल पकड़ने पर स्कूल परिसर में फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग होते ही सदस्य और प्रधान समर्थकों में भगदड़ मच गई। मौका पाकर सचिव विश्वास शुक्ला भी मौके से खिसक लिए।
सूचना पाकर एसओ राजेश सिंह पुलिस बल लेकर कालेज परिसर में पहुंचे और दो लोगो को हिरासत में लेकर थाने भिजवाया। पुलिस की मौजूदगी में भी स्कूल परिसर में दोनों पक्षों के बीच हंगामा होता रहा। प्रधान पक्ष के जाने के बाद नायब तहसीलदार ने बैठक स्थगित कर दी। मोहम्मद इसहाक की तहरीर पर कृपाल सिंह, बलराम सिंह, सतेंद्र सिंह, ओमवीर सिंह के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। ओमवीर की ओर से प्रधान साबरी बेगम, उनके पति मोहम्मद इसहाक समेत सात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। उनका आरोप है कि विवाद होने पर एसओ ने उनका फोन नहीं उठाया, सीओ को सूचना देने के बाद फोर्स मौके पर पहुंची। ओमवीर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है। एसओ राजेश सिंह ने बताया कि बैठक कराने के लिए दरोगा यतेंद्र यादव के साथ चार सिपाहियों को स्कूल भेज दिया था। इस दौरान हंगामा हो गया। फायरिंग नहीं हुई है।
बैठक का समय 11 बजे निश्चित था, लेकिन बैठक इससे पहले ही शुरू कर दी गई। हंगामा भी मेरे पहुंचने से पहले ही हो चुका था।
- ज्ञानेंद्र सिंह नायब तहसीदार पुवायां