जलालाबाद क्षेत्र में ढका मोड़ और निगोही क्षेत्र में कजरी नूरपुर मोड़ के पास सोमवार की रात हुए सड़क हादसों में एक राजमिस्त्री समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया।
थाना जलालाबाद क्षेत्र के गांव ढका निवासी वंशपाल राजमिस्त्री का काम करते हैं। वह इन दिनों जमुनियां गांव के पुत्तन के घर में काम कर रहे थे। सोमवार की शाम उनको देर हो गई। पुत्तन उसे बाइक से छोड़ने घर जा रहे थे। रास्ते में ढका मोड़ के पास उनकी बाइक में अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में घायल दोनों लोगों को जिला अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने वंशपाल को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी माया और पांच बेटे और दो बेटियां हैं।
उधर, थाना निगोही क्षेत्र के गांव अरेली निवासी सोनूपाल सोमवार की रात वह गांव के पुत्तन को डाल मियां चीनी मिल छोड़ने गए थे। वहां से लौैटते समय कजरी नुरपूर गांव के मोड़ के पास उनकी बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घायल को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत से मां राम खिलावा का रो-रोकर बुरा है। मृतक अपने सात भाइयों में सबसे बड़ा था।