डाउन लाइन पर लखनऊ जा रहे एक अधेड़ की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। वह ट्रेन में बने शौचालय का प्रयोग करने के लिए गए थे। इसी दौरान झटका लगने की वजह से वह ट्रेन के बाहर जा गिरे थे। उनके साथ जा रहे घरवाले शहर के स्टेशन पर उतर गए, जबकि उन्हें पीछे से आ रही ट्रेन से लाया गया।
हरिद्वार जिले के पक्सरी थाना क्षेत्र के बहादुर जट में रहने वाले अरुण शर्मा अपने परिवार के राकेश शर्मा और राकेश के पुत्र अभिषेक के साथ सहारनपुर लखनऊ एक्सप्रेस से लखनऊ जा रहे थे। लखनऊ में अभिषेक को रेलवे विभाग की परीक्षा देनी थी। पीतांबरपुर रेलवे स्टेशन के पास अरुण शौचालय जाने की बात कह उठकर चले गए। स्टेशन के पास झटका लगने की वजह से वह ट्रेन से गिर गए। इससे उनके पैर और शरीर में काफी चोटें आईं। उन्हें पीछे से आ रही रामनगर बांद्रा एक्सप्रेस से शाहजहांपुर तक लाया गया। जीआरपी ने उसे स्टेशन पर प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भेज दिया गया है। इलाज के दौरान अरुण ने दम तोड़ दिया।
लगैज वान में यात्रा करते 11 लोग धरे
शाहजहांपुर। जम्मूतवी एक्सप्रेस के लगैज यान में यात्रा कर रहे 11 यात्रियों को आरपीएफ ने शुक्रवार की रात करीब साढ़े 11 बजे पकड़ लिया। पकड़े गए सभी यात्रियों को रेलवे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा। आरपीएफ स्टॉफ ने चेकिंग के दौरान इन लोगों को पकड़ा था।