तिलहर में साहूकार की सरेशाम हत्या
दातागंज मोहल्ले में मंगलवार शाम बाइक सवार हमलावरों ने बाजार से वसूली करके घर लौट रहे साहूकार 60 वर्षीय महेश नागपाल उर्फ भूरे पंजाबी की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने महेश की बाईं कनपटी पर गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कस्बे में नेशनल हाइवे पर जाम लगा दिया। रात करीब सवा दस बजे लोगों को समझा-बुझाकर हटा तो दिया गया, मगर करीब दो घंटे के जाम के कारण वाहन काफी देर तक फंसे रहे। मोहल्ला दातागंज निवासी महेश नागपाल ब्याज पर पैसा बांटने का काम करते थे। तिलहर क्षेत्र में उनका काम काफी बड़ा था। बावजूद इसके वह साइकिल से ही आते-जाते थे। शाम करीब सवा छह बजे बाजार से वसूली कर वह साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दातागंज मोहल्ला में बीच वाले गेट पर पीछे से आए बाइक सवार दो हमलावरों ने उनको निशाना बनाते हुए तमंचे से फायर किया। गोली महेश की बाईं कनपटी के पास लगी और वह जमीन पर गिर गए। हमलावर यह कहते हुए पीरगाह तालाब की तरफ भाग गए कि भूरे मर गया। सनसनीखेज वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस महेश को गाड़ी में लादकर जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में कस्बे के मुख्य रास्तों पर चेकिंग अभियान चलाया और कई जगह दबिश दी, मगर वे हाथ नहीं आए।