पशु तस्कराें की पुलिस टीम पर ट्रक चढ़ाने कोशिश
पशु तस्करी की सूचना पर अशफाक नगर चौकी के पास बैरियर लगाकर की गई नाकाबंदी को तोड़कर पशु तस्करों ने पुलिस टीम पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर निगोही बाईपास के पास ट्रक को घेर लिया लेकिन इस दौरान तीन में से दो पशु तस्कर फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने एक पशु तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने ट्रक से हत्या के लिए प्रतिबंधित 46 पशु बरामद किए जिनमें से सात की मौत हो गई थी। तस्करों ने ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी और मालगांव लखनऊ से पशु लेकर रामपुर जा रहे थे। पुलिस ने शामली निवासी एक तस्कर नसीर को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया है। सुबह करीब आठ बजे कैंट चौकी इंचार्ज आसिफ को सीतापुर रोड से रोडवेज और अशफाक नगर चौकी होते हुए पशुओं भरा ट्रक आने की सूचना मिली। एसआई आसिफ अली ने चौकी इंचार्ज जेपी सिंह के साथ अशफाक नगर चौकी तिराहा के पास बैरियर लगाकर नाकेबंदी कर दी। पशु तस्करों ने पुलिस टीम पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश करते हुए बैरियर तोड़ दिया और पुवायां रोड की तरफ भाग निकले। पुलिस ने ट्रक का पीछा किया। निगोही बाईपास पर सामने आ रहे दो ट्रक देखकर तीन पशु तस्कर ट्रक से कूदकर भागने लगे। पुलिस ने एक को दबोच लिया जबकि दो तस्कर फरार हो गए। गिरफ्तार पशु तस्कर ने पुलिस पूछताछ में बताया कि फरार ट्रक चालक कांधला निवासी इमरान और पशु व्यापारी रामपुर निवासी इमरान है। पुलिस ने पशुओं के शव पोस्टमार्टम कराकर उन्हें दफन करवा दिया। जीवित पशु पीलीभीत गौशाला भेजे गए हैं।
कंटेनर से 48 प्रतिबंधित पशु बरामद, तस्कर फरार
निगोही। शाहजहांपुर मार्ग पर हसौआ माइनर के पास मंगलवार सुबह पुलिस ने पशुओं से भरा कंटेनर पकड़ा और हत्या के लिए प्रतिबंधित 48 पशु बरामद किए। इनमें से नौ की मौत को चुकी थी। पुलिस ने कंटेनर को पीछा कर पकड़ा लेकिन पशु तस्कर पुलिस को चकमा देकर मौके से भागने में कामयाब रहे। थाना प्रभारी रजी अहमद, एसआई एसपी सिंह टीम के साथ सुबह करीब छह बजे निगोही-शाहजहांपुर मार्ग पर हल्का चार के गांवों में दबिश देने जा रहे थे। गिरगिचा पुलिया के पास पुलिस टीम ने शाहजहांपुर की तरफ से आ रहे एक कंटेनर को रोकने का संकेेत दिया तो चालक स्पीड तेज कर कंटेनर भगाने लगा। पुलिस ने पीछा करते हुए हसौआ माइनर कंटेनर को घेर लिया लेकिन चालक और हेल्पर फरार हो गए। पुलिस ने मृत पशुओं को दफन करवाया। मुकदमा दर्ज कर कंटेनर मालिक की तलाश की जा रही है।
तस्करों ने पशु भरी कार नहर में उतारी, फरार
निगोही। पुलिस के रोकने पर पशु तस्करों ने हत्या के लिए प्रतिबंधित पशु भरी सेंट्रो कार सूखी नहर में उतार ली और फरार हो गए। एसआई सत्यपाल सिंह टीम के साथ सुबह सात बजे चेकिंग पर थे। टीम गांव गनपतपुर के तिराहे पर पहुंची ही थी तभी पुवायां की ओर से आ रही एक सेंट्रो कार को पुलिस टीम ने शक के आधार पर रोकने का संकेत दिया। तस्कर कार की स्पीड बढ़ाकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो तस्करों ने ब्योर माइनर में कार उतार दी और फरार हो गए। कार से तीन पशु बरामद हुए।