बुधवार की रात चोरों ने कस्बे के तीन घरों से हजारों का सामान चोरी कर लिया।
कस्बे में बुधवार रात ब्रह्मकुमार तिवारी के मकान में चोर दीवार के सहारे अंदर प्रवेश कर गये। इस पर वह जाग गए। चोरों ने उन पर तमंचा रख दिया और अलमारी की चाबी मांगी। उन्होंने जब चाबी नहीं दी तो गोली मारने की धमकी दी। उन्होंने चाबी दे दी और उसमें रखे तीन हजार रुपये, एक सोने की जंजीर और छह चांदी के सिक्के ले गए। इसी रात राजकीय इंटर कालेज के पास खुशीराम के घर में भी दीवार के सहारे चोर घुस गए। कमरे में रखे बक्से से तीन हजार रुपये, एक जोड़ पायल, बर्तन, कपड़ा आदि चोर उठा ले गए। जब सुबह उठ कर देखा तो सभी सामान बिखरा था और मेन गेट खुला था। पड़ोसी जितेंद्र के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। जितेंद्र के घर में रखे बक्से से कपड़ा और बर्तन चोर ले गए। वहीं मुख्य हाइवे पर दिनेश गुप्ता की जूता चप्पल की दुकान के भी तीन ताले चोरों ने तोड़ दिए, लेकिन एक ताला नहीं टूटने से चोर दुकान में नहीं घुस सके। पीड़ितों ने चोरी की सूचना थाने पर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चोरों ने खोखा काटकर सामान उठाया
तिलहर। बुधवार रात स्टेशन रोड स्थित एक बारबर के खोखे को काटकर चोर नकदी सहित दुकान का अन्य सामान उठा ले गए। गांव बढ़ेपुर निवासी तुलसीराम ने थाने पर दी तहरीर में कहा है कि बुधवार रात चोरों ने स्टेशन रोड स्थित उसके नाई के खोखे को काटकर चोर दुकान में रखे 22 सौ रुपये सहित दुकान का तमाम सामान तथा बैंकों की पास बुक आदि उठा ले गए।