पुलिस ने सोमवार देर रात तीन हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्करों में एक वैन चालक भी शामिल है। सोमवार रात थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार चौहान, एसआई संदेश सिंह यादव, महिपाल सिंह के साथ रोड गश्त पर थे। बादशाहनगर चौराहे पर पहुंचे तो मुखबिर से सूचना मिली कि नशीली वस्तुओं के तस्कर वैन से आ रहे हैं। इस पर घेराबंदी करते हुए बैरियर लगा दिया। उसी समय शाहबाद की तरफ से आ रही मारुती वैन को रोकने का इशारा किया, परंतु वैन चालक ने नहीं रोकी। पुलिस कर्मियों ने वैन को किसी तरह पकड़ लिया। वैन में सवार लोगों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि जनपद हरदोई के थाना पिहानी के गांव पतौन निवासी चालक सुमित मिश्रा एवं पिहानी थाना के मोहल्ला नागर निवासी जुनैद एवं सलीम बताया। उनके पास से थाईलैंड निर्मित लेदर के बैग से करीब चार सौ पचास ग्राम हेरोइन, 25 ग्राम स्मैक, एक पौनिया, एक बंदूक 12 बोर, एक चाकू बरामद हुए। वहीं वैन का चालक वाहन का कोई कागज नहीं दिखा सका। थानाध्यक्ष चौहान ने बताया कि मारुती वैन चोरी की होने का अंदेशा है। जांच की जा रही है। फिलहाल पकड़े गए तीनों आरोपियों को जेल भेजा गया है।