कोतवाली पुलिस ने हाईवे पर चोरी के सौर पैनल बेचने वाले गैंग का खुलासा करते हुए बड़ी मात्रा में सौर पैनल बरामद कर एक युवक को बंदी बनाया है, जबकि एक अन्य आरोपी पुलिस को देखकर गाड़ी से कूदकर फरार हो गया।
कोतवाल अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि हाईवे पर गैरजनपद से चोरी के सौर पैनल लाकर बेचने वाला गिरोह नगर में सक्रिय है। जो लगभग आधी कीमत पर पैनल बेचने का काम कर रहा है। इस पर उन्होंने ने एसआई अनुज तिवारी के अगुवाई में हाईवे पर पुलिस टीम को लगा दिया। उसी समय हाईवे पर एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी बरेली की दिशा से आती दिखाई दी। जब पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया तो चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। पुलिस ने पीछा करके गाड़ी को पकड़ लिया। जब उसमें लदी 250 वाट की 15 पैनलों के विषय में पूछताछ की तो चालक पुलिस को गुमराह करने लगा। उसका एक अन्य साथी वेदपाल पुलिस को देखते ही गाड़ी से कूदकर भाग निकला। कोतवाली पुलिस ने चालक उमेश पुत्र विष्णुदयाल निवासी ब्लाक रोड तिलहर व वेदपाल पता अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 379/411 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है।
शाहजहांपुर बेचने जा रहे थे पैनल
बकौल पुलिस, चालक उमेश ने स्वीकार किया कि वह फरीदपुर से चोरी के पैनल लाकर शाहजहांपुर बेचने जा रहा था, जबकि उमेश का कहना है कि वह एबजी में गाड़ी लेकर फरीदपुर गया था। वापसी में 500 रुपये में पैनल लाद कर शाहजहांपुर पहुंचाने की बात तिलहर के सिंह कालोनी निवासी आशीष से तय हुई थी। बाद में जब पुलिस ने छापा मारा तो उसे पता लगा कि पैनल चोरी के हैं। उसका चोरी के पैनल से कोई लेना देना नहीं है। पैनल बरामद करने बाली टीम में एसआई अनुज तिवारी, सिपाही अतेंद्र सिंह, मो खालिद, वीरेंद्र कुमार, हाकिम सिंह, मेहंदी हसन आदि लोग शामिल थे।