क्षेत्र के गांव भुड़ेली में शुक्रवार की शाम खेत से घर वापस लौट रहे 30 वर्षीय सत्यपाल को रास्ते में घेरकर कुछ ग्रामीणों ने गोली मार दी। गोली उसके पीठ में लगी है। घायल को तिलहर अस्पताल लाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल के परिवार वालों के मुताबिक शाम करीब सात बजे सत्यपाल खेत से वापस आ रहा था, तभी गांव के कुछ लोगों ने रास्ते में घेर लिया और उसके पीठ में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और जमीन पर लथपथ पड़े सत्यपाल को आनन-फानन में तिलहर अस्पताल लेकर भागे। घटना की खबर मिलने के बाद पुलिस टीम गांव में गई है। इस मामले में अभी तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है। जिला अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक सत्यपाल की हालत गंभीर है।
कोर्ट के आदेश पर लूट का मुकदमा दर्
थाना सदर बाजार में शुक्रवार को कोर्ट के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है। क्षेत्र के मोहल्ला मामूड़ी निवासी मो. सिराज के मुताबिक बीती पांच जून को वह अपने शहबाज के साथ बाइक से घर जा रहे थे। ककरा रोड पर मोहल्ले जाहिद, एजाज और जाबिर ने रोक लिया और तमंचा दिखाते हुए सोने की चेन और सात हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके मामले में विवेचना शुरू कर दी है।