महिला को गोली मारने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। शाहबाजनगर निवासी पीरा खां की बेटी मैनाज की शादी शाहबाद (हरदोई) में हुई थी। छह साल पहले उसका तलाक हो गया। तभी से वह अपने मायके में रहती थी। मैनाज के भाई इफ्तेखार के मुताबिक दोपहर में वह मैनाज के साथ गांव के बाहर बनी मजार को पैदल जा रहा था। मजार से कुछ पहले एक बाइक पर तीन लोग आए और मैनाज को जबरन बाइक पर बैठाने लगे। विरोध करने पर बाइक सवारों ने मैनाज को गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार को कल्लू, नूर मोहम्मद और वसी उल्ला के खिलाफ जानलेवा हमला और जान से मारने की धमकी की रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया।