महिला ने चेन स्नेचर को दबोचा, एक भागा
कोतवाली क्षेत्र में गर्रापुल पर सोमवार की सुबह बाइक सवार बदमाशों ने रिक्शा पर सवार महिला की चेन खींच ली। महिला ने दिलेरी दिखाते हुए बदमाशों की पीछे से बाइक पकड़ ली, जिससे बाइक सवार बदमाश जमीन पर गिर गए। महिला के शोर मचाने पर मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। मौके देखकर बाइक चला रहा बदमाश बाइक लेकर फरार हो गया। चेन खींचने वाले बदमाशों को भीड़ ने दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ से किसी तरह से बदमाश को बचाया। तलाशी लेने पर उसके पास से चेन बरामद हो गई। कोतवाली पुलिस पकड़े गए चेन स्नेचर से पूछताछ कर रही है। महिला के बेटे की तरफ से कोतवाली में तहरीर दे दी गई है। कोतवाली क्षेत्र में कच्चा कटरा के पास रविवार की सुबह सत्संग सुनने जा रही महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने चेन लूट ली थी। घटना को 24 घंटे भी नहीं पाए थे बदमाशों ने दूसरी घटना को अंजाम दे दिया। क्षेत्र के मोहल्ला महमंद गढ़ी निवासी प्रवेश रस्तोगी सराफा कारीगरी का काम करते हैं। सुबह करीब साढ़े सात बजे वह अपनी पत्नी मंजू रस्तोगी के साथ रिक्शे से गर्रा नदी किनारे बने मंदिर जा रहे थे। रिक्शा रुकवाकर प्रवेश रस्तोगी उतरने ही वाले थे, तभी पीछे से आए एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने मंजू के गले से सोने की चेन खींच ली। मंजू ने दिलेरी दिखाते हुए बदमाशों की पीछे से बाइक पकड़ ली। झटका लगने से मंजू रिक्शे से गिर गई और बदमाशों की बाइक भी असंतुलित होकर गिर गई। मंजू और प्रवेश ने शोर मचा दिया। मौके पर जमा हुई भीड़ ने एक बदमाश को दबोच लिया, लेकिन मौका देखकर एक बदमाश मौके से फरार हो गया। घटना की खबर फैलते ही इलाके में मंजू की दिलेरी की चर्चा होने लगी। कोतवाली गेट पर लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। प्रवेश रस्तोगी के बेटे शंकुल रस्तोगी की तरफ से कोतवाली में तहरीर दी गई है। पकड़ा गया चेन स्नेचर क्षेत्र के मोहल्ला हुसैनपुरा का बिजेंद्र कुमार है। कोतवाली प्रभारी एसएसआई वीरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पकड़े गए बदमाश से पूछताछ करके और घटनाओं के बारे में पता लगाया जा रहा है उसके दूसरे साथी की तलाश में दबिश दी जा रही है।