बाबूजई में रंग पड़ने पर दो पक्ष भिड़े
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बाबूजई में बृहस्पतिवार सुबह करीब दस बजे मामूली बात पर बवाल हो गया। एक बच्चे की पिचकारी से दूसरे समुदाय के व्यक्ति पर रंग और गिरने पर दोनों समुदाय आमने-सामने हो गए और काफी देर तक पथराव और हवाई फायरिंग हुई। खबर मिलने पर पहुंची पुलिस ने उपद्रवियों पर जमकर लाठियां भाजकर खदेड़ा। पथराव में घायल तीन लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ देर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सायरन बजाती गाड़ियां गुजरते देख लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए।मोहल्ला बाबूजई में कटाबाग के पास से हाजी जमील अहमद अपने घर से निकलकर कहीं जा रहे थे। तभी एक मासूम बच्चे ने पिचकारी चला दी, जिससे उनके कपड़े खराब हो गए। जमील ने बच्चे की पिटाई शुरू कर दी। बच्चे की पिटाई होते देख मोहल्ले वालों ने विरोध किया। इसका पता लगने पर जमील के समर्थन में उनकी बिरादरी के दर्जनों लोग इकट्ठे हो गए। लोग कुछ समझ पाते तब तक जमील पक्ष के लोगों ने पथराव और फायरिंग शुरू कर दी। पथराव में लालू पुत्र रामप्रसाद राठौर का सिर फूट गया और वह अपने दरवाजे पर गिर गए। हमलावरों ने उसे खींचकर ले जाने की कोशिश की, लेकिन मोहल्ले वालों ने किसी तरह उसे बचाया। वहीं मोहल्ले के रवि उर्फ नन्हे पुत्र श्यामलाल भी पथराव में घायल हो गए। हमलावरों ने श्यामलाल के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। तभी दूसरे पक्ष के लोग इकट्ठे होकर पहुंच गए, जिससे हमलावर पीछे हट गए। खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ पर लाठियां भांजनी शुरू कर दी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाया। पथराव में छोटे, अनुराग, अमन रस्तोगी और शिव चौहान भी घायल हो गए। कुछ घायल तो पुलिस के डर की वजह से घर के बाहर ही नहीं निकले। इस दौरान पुलिस ने मोहल्ले चंदन सिंह, चंदन यादव और राजेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया गया है। एहतियातन मोहल्ले में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बाबूजई में हालात को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। तीन लोगों को शांतिभंग की धारा में चालान किया गया है। उपद्रवियों को चिन्हित किया जा रहा है। -- विजय शंकर मिश्रा, सीओ सिटी