थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला एमनजई जलालनगर में रहने वाले मनोहर लाल के घर में रविवार की रात चोर घुस गए। चोरों ने घर छह मोबाइल और पैंट की जेब में रखी नगदी चोरी कर ली। पीड़ित ने थाना सदर बाजार में मामले की तहरीर दी है।
मनोहर लाल ने थाने में दी तहरीर में बताया कि रात में किसी समय दीवार फांदकर घर में चोर घुस आए। चोरों बरामदे में रखे दो मोबाइल और खूंटी पर टंगी पैंट की जेब से कुछ नगदी और जरूरी कागजात चोरी कर लिए। इसके बाद चोरों ने मकान में किराए पर रह रहे शांतिस्वरूप और पंकज शुक्ला के दो-दो मोबाइल चोरी कर लिए। मनोहर की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तीन दुकानों से हजारों का सामान और नगदी चोरी
कुर्रियाकलां। थाना कांट क्षेत्र के गांव कुर्रियाकलां में रविवार की रात चोरों ने तीन दुकानों का ताला तोड़कर नगदी और सामान चोरी कर लिया। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
गांव में रहने वाले अमित वाजपेयी की परचून की दुकान हैं। रात में चोरों ने दुकान के पीछे बने गोदाम का दरवाजा तोड़कर हजारों का सामान और करीब दो हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली। पड़ोसी दुकानदार संतोष मिश्रा की मिठाई की दुकान में लगे दरवाजे की कुंडी तोड़कर चोरों ने करीब दो हजार रुपये की नगदी और मिठाई चोरी कर ली। चोरों ने साइकिल मिस्त्री ब्रिजपाल की दुकान का ताला तोड़कर औजार चोरी किए, जिनकी मदद से दोनों दुकानों का दरवाजा और कुंडी तोड़े। एक महिना पहले संतोष की दुकान में पहले भी चोरी हो चुकी है।
घर में घुसकर महिला से छेड़खानी
शाहजहांपुर। थाना परौर क्षेत्र के गांव के एक घर घुसकर युवक महिला से छेड़खानी करने लगा। महिला के शोर पर आरोपी तमंचा लहराते हुए जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना-पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
महिला ने एसपी को दिए पत्र में बताया कि चार अगस्त की शाम करीब साढ़े सात बजे शराब के नशे में गांव का एक युवक उसके घर में घुस आया और उसे बुरी नीयत से पकड़ते हुए अश्लील हरकतें करने लगा। महिला के शोर मचाने पर आरोपी ने तमंचा निकाल लिया। पुलिस से शिकायत करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर एसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।