हरिद्वार-नजीबाबाद राजमार्ग पर सोमवार देर रात सड़क हादसे में शाहजहांपुर के दो युवकों की मौत हो गई जबकि दो युवकों की हालत गंभीर है। दुर्घटनाग्रस्त कार कई बार पलटी खाते हुए सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे का कारण जंगली जानवर के अचानक कार के आगे आना बताया जा रहा है। शाहजहांपुर के चार युवक अपनी कार से हरिद्वार घूमने जा रहे थे। हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर रात करीब एक बजे गांव बहारपीली में एक ढाबे के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जाता है कि कार कई बार पलटने के बाद सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह पिचक गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार सवार चारों युवकों को किसी तरह बाहर निकाला। उन्हें 108 एंबुलेंस से हरिद्वार जिला अस्पताल भेजा जहां दो युवकों को मृत घोषित कर दिया गया। हरिद्वार पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान पीयूष उर्फ प्रशांत पांडे पुत्र गिरीश पांडे और रचित तिवारी पुत्र शिवप्रसाद तिवारी के रूप में हुई है। दोनों शाहजहांपुर के रहने वाले हैं। घायल युवकों के नाम हर्ष यादव पुत्र अविकल यादव और अवनीश शुक्ल पुत्र नत्थूलाल शुक्ल है। थानाध्यक्ष ने बताया कि कार के आगे जंगली जानवर आ जाने की वजह से हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि युवकों के परिवार वाले यहां पहुंच गए हैं। हर्ष यादव के पिता और भाई यूपी पुलिस में तैनात है।
हरिद्वार के ज्वालापुर में सोमवार देर रात सड़क हादसे में शहर के मोहल्ला तारीन टिकली निवासी प्रशांत पांडेय और तारीन बहादुरगंज में रहने वाले उसके ममेरे भाई रचित तिवारी की मौत से यहां परिवारवालों में कोहराम मच गया। प्रशांत का भाई रिश्तेदारों को साथ लेकर रात को ही हरिद्वार के लिए रवाना हो गया। वहां दोनों शवों का पोस्टमार्टम होने के बाद उन्हें लेकर रिश्तेदार शाहजहांपुर के लिए रवाना हो चुके हैं और देर रात तक पहुंचने की संभावना है। चारों साथी ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी कर स्नातकोत्तर की तैयारी कर रहे थे। मृत प्रशांत अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसके बड़े भाई की पिछले दिनों शादी हुई थी। महीने भर पहले उसकी मां का देहांत हो गया था। उसके पिता गिरीश चंद्र पांडेय सीएमओ कार्यालय में तैनात हैं। अपने युवा बेटे की मौत के बाद वह बेसुध हुए जा रहे थे। लड़खड़ाती जुबान से बताया कि प्रशांत ने अपने ममेरे भाई रचित और मौसेरे भाई अवनीश शुक्ला एवं चौथे कार वाले साथी के साथ हरिद्वार घूमने का कार्यक्रम बनाया था। कार पहले रचित तिवारी चला रहा। देर रात उसे झपकियां लगने लगीं तो ज्वालापुर से पहले उसने कार रोकी और पिछली सीट पर प्रशांत के साथ बैठ गया। ज्वालापुर पहुंचते ही सामने नीलगाय आने पर बचने के चक्कर में चौथे साथी ने कार को सड़क किनारे मोड़ना चाहा और अनियंत्रित होकर कार पेड़ से टकराकर पलट गई। मौके पर ही पिछली सीट पर बैठे दोनों की मौत हो गई। आगे की सीटों पर बैठे दोनों घायलों को स्थानीय लोगों ने वहां के अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में उपचार शुरू होने के बाद अवनीश ने मोबाइल पर प्रशांत के घरवालों को देर रात पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी तो परिवारवाले सन्न रह गए।