एक लाख की चपत लगा गई नव विवाहिता 0 एक लाख की नगदी जेवर लेकर फरार अमर उजाला ब्यूरो पुवायां। एक व्यक्ति को युवती से धरौना करना बेहद महंगा पड़ गया। एक पखवाड़े तक ससुराल में रहने के बाद युवती लगभग एक लाख का नगदी, जेवर लेकर गायब हो गई। महिला के कथित पति ने बदनामी के डर से पुलिस को तहरीर नहीं दी है। पुवायां निवासी एक व्यक्ति ने पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति की पुत्री के साथ उसने 21 जून को शादी की थी। शादी के बाद वह पत्नी को घर ले आया। एक पखवाड़े तक पत्नी घर में आराम से रही। उसने पत्नी को सोने के कुंडल, पायजेबरी, सोने की लाकेट, मंगलसूत्र सहित तमाम जेवर खरीदकर दिया। छह जुलाई की रात पत्नी सारा माल जेवर और बक्से में रखी 10 हजार की नगदी, ननद के पांच हजार रुपए, मोबाइल आदि लेकर गायब हो गई। जानकारी पाकर युवक ने पत्नी को तलाश किया, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। ससुर को फोन पर मामले की जानकारी दी तो उन्होंने भी ठीक से बात नहीं की और पुत्री को गायब करने के मामले में फंसा देने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार पत्नी लगभग एक लाख की नगदी, जेवर ले गई है। उसने बदनामी के डर से पुलिस को तहरीर नहीं दी है।