जुए में मोटी रकम हारने के बाद घर में हुए कलह से तनाव में आए एक युवक ने जहर खाकर जान दे दी। घरवालों ने उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
बृहस्पतिवार शाम नगर के एक युवक की हालत खराब हो गई। घरवालों ने बताया कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है। युवक को घरवाले आनन फानन में शाहजहांपुर के निजी अस्पताल में लेकर आ रहे थे, लेकिन उसने चिनौर के पास रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस पर घरवाले उसका शव वापस पुवायां ले आए और अंतिम संस्कार कर दिया। बताया जाता है कि युवक जुआ खेलने का आदी था और हाल ही में उसने साठा धान बेचकर जो हिस्से के रुपये मिले थे वह जुए में हार गया। इसके बाद वह पत्नी से जेवर गिरवीं रखने के लिए मांग रहा था। इस पर जुए में रकम हारने की बात खुल गई और घर में कलह होने लगा था। इसी वजह से उसने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। उधर युवक की मौत की जानकारी पाकर उसके ससुराल के लोग आए और युवक के परिवार वालों पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की धमकी दी। बाद में हुई पंचायत में युवक के पुत्र के नाम बाबा की एक चौथाई जमीन का बैनामा करने की शर्त पर मामले का निपटारा कर युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में जानकारी से इंकार किया है।