थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की रात खेत पर शौच के लिए गई महिला से एक युवक ने तमंचे के बल पर रेप किया। उसकी ननद के साथ दूसरे युवक ने छेड़छाड़ करने की कोशिश की। किसी तरह से वह युवक के चंगुल से छूटकर घर पहुंची और परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे महिला के परिवारवालों को देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना-पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिला ने एसपी को दिए पत्र में बताया कि रात करीब आठ बजे वह अपनी ननद के साथ गांव के बाहर खेत पर शौच करने गई थी, तभी गांव के दो युवकों तमंचे के बल पर उन्हें रोक लिया। एक युवक उसे तमंचे के बल पर करबी के खेत में ले गया और उसके साथ रेप किया। वहीं दूसरे युवक ने उसकी ननद के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। किसी तरह से ननद उसके चंगुल से छूटकर घर पहुंची और घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे महिला के परिवार वालों को देखकर आरोपी युवक जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। मंगलवार की सुबह महिला जब थाने शिकायत करने के लिए निकली तो आरोपी ने नाजायज बंदूक निकाल लाया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह से वह परिवार वालों की मदद से एसपी कार्यालय पहुंची। पीड़ित की शिकायत पर एसपी ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं। एसओ सेहरामऊ दक्षिणी जसवीर सिंह ने बताया कि थाने में कोई महिला शिकायत करने नहीं आई है। शिकायत मिलते ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।