थाना आरसी मिशन में नाली विवाद को लेकर शनिवार को हुए विवाद में एक वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने दंपति सहित चार पर रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। मोहल्ला गढ़ी गाड़ीपुरा निवासी जगदीश प्रसाद मौर्या के पड़ोस में राजेेश जोशी का मकान है। आरोप है कि राजेश ने अपने मकान के बाहर चबूतरे का निर्माण नाली के ऊपर करा दिया। इस कारण जगदीश के घर से निकलने वाले गंदे पानी का निकास बंद हो गया। पिछले दिनों जब जगदीश ने इस बात का विरोध किया तो राजेश और उसके परिवारवालों ने गालीगलौज करते हुए जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। आठ दिन पहले राजेश की पत्नी मंजू ने जगदीश पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए तहरीर पुलिस को दे दी। शनिवार को पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मामला नाली के विवाद का निकला, इस पर पुलिस दोनों पक्षों को समझाकर वापस चली गई। आरोप है कि इसके बाद मंजू ने फिर से गालीगलौज करते हुए जगदीश को धमकी दी कि इस बार वह कोर्ट में शिकायत करके बेइज्जती करने वाली गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराएगी। इस बात से आहत होकर जगदीश जमीन पर गिर गए। इतने पर हड़कंप मच गया। परिवार के लोग उन्हें लेकर प्राइवेट अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही मृतक के दामाद मोहल्ला हयातपुरा निवासी बसपा के जोन कोआर्डिनेटर रामकुमार मौर्या भी पहुंच गए। उन्हीं की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। देर शाम तक दोनो पक्षों में कभी कार्रवाई तो कभी समझौते को लेकर बातचीत होती रही। देर रात पुत्र नीरज की तहरीर पर पुलिस ने मंजू जोशी, उसके पति राजेश के साथ ही उनके परिवार के प्रमोद, ओमनरेश के खिलाफ धारा 503, 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया।