मोहम्मदी रोड पर महमूदापुर ईंट भट्ठा के पास शनिवार रात ट्रक ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार लखीमपुर खीरी जिले के एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के गांव मऊ खालसा निवासी 25 वर्षीय श्रीओम ने बताया कि वह अपने बड़े भाई जगरूप की साली गुड़िया के घर लखीमपुर खीरी अंतर्गत गोला गोकर्णनाथ के गांव भुसौरिया में तीन दिन पहले गया था। वहां से वह भुसौरिया निवासी 21 वर्षीय विमल सिंह पुत्र तेजपाल और गोला गोकर्णनाथ के मोहल्ला मुन्नूगंज निवासी 23 वर्षीय विमल गुप्ता पुत्र प्रदीप गुप्ता के साथ बाइक से शनिवार रात घर वापस लौट रहा था। बाइक विमल गुप्ता चला रहा था। रात लगभग 11 बजे जब बाइक मोहम्मदी रोड पर थाना पसगवां क्षेत्र के गांव महमूदापुर ईंट भट्ठा के पास पहुंची, तभी सामने से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह और उसके दोनों साथी घायल हो गए। रात होने की वजह से वह लोग काफी देर तक मौके पर पड़े छटपटाते रहे। तीनों घायलों को रात 3.30 बजे पसगवां थाने के होमगार्ड आकाश ने एंबुलेंस से यहां जिला अस्पताल पहुंचा। यहां डॉक्टर ने विमल गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। घायलों में विमल सिंह की हालत गंभीर है।
नाती भी गया छोड़कर
विमल गुप्ता की मौत पर बिलख रही नानी सोमवती पत्नी श्रीकृष्ण ने बताया दामाद प्रदीप गुप्ता की हादसे में और बेटी निर्मला की बीमारी से पहले ही मौत हो चुकी है। तीन नाती थे। इनमें छोटू कहीं चला गया। उसका आज तक कुछ भी पता नहीं चला। विमल गुप्ता भी हादसे का शिकार हो गया। अब एक नाती 18 वर्षीय कमल गुप्ता रह गया है। मृतक के चाचा विजय गुप्ता और मौसी रेनू का भी रो-रोकर बुरा हाल था।