पुलिस लाइन गेट के पास स्थित एटीएम मशीन में बैंक कर्मचारियों ने रुपया भरा और चाबी उसी में लगी छोड़कर चले गए। कुछ लोगों की सजगता की वजह से एटीएम मशीन में भरा गया लाखों रुपया गायब होने से बच गया। रुपया गायब होने से बचने पर पुलिस राहत की सांस ले रही है। पुलिस कर्मचारियों को बैंकों में जाकर लाइन न लगानी पड़ी और एटीएम के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े, इसलिए तत्कालीन एसपी बबलू कुमार ने पुलिस लाइन गेट पर एसर्बीआई का एटीएम स्थापित कराया था। इस एटीएम मशीन से पुलिसकर्मियों के अलावा पास के मोहल्ले के लोग और उधर से गुजरने वाले लोग भी एटीएम का उपयोग करते हैं। सोमवार शाम लगभग 5.30 बजे बैंक कर्मचारी एटीएम मशीन में रुपया डालने आए और मशीन को लॉक किए बिना चाभी उसी में लगी छोड़कर चले गए। लगभग पंद्रह मिनट बाद एक व्यक्ति एटीएम से रुपया निकालने आया तो उसकी नजर मशीन में लटक रही चाबी पर पड़ी तो वह हैरत में पड़ गया। उसने कुछ दूरी पर खड़े एक सिपाही को एटीएम मशीन में चाबी लगी होने की जानकारी दी। फिर सिपाही ने मोबाइल पर कॉल करके आरआई को सूचना दी। तब फिर बैंक कर्मचारी को बुलाकर उसे चाबी सौंपी गई। पुलिस ने इस तरह की लापरवाही पर बैंक कर्मचारी को हिदायत दी। वहीं आरआई गुलफाम सिंह ने मामले में जानकारी होने से इंकार किया है।