बुधवार सुबह दो सशस्त्र बदमाशों ने एक लेखपाल से बाइक, नगदी और मोबाइल आदि लूट लिया। इसके बाद बदमाश लेखपाल को गन्ने के खेत में बांधकर डालने के बाद फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुवायां के मोहल्ला छावनी निवासी गिरीश त्रिवेदी पुवायां में ही लेखपाल के पद पर कार्यरत हैं। लेखपाल ने बताया कि बुधवार सुबह वह मुड़िया मोड़ के रास्ते से महाऊ महेश होते हुए हथौड़ा चौराहे जा रहे थे। वहां उन्हें एक शादी में निमंत्रण देना था। सहजना गांव के आगे चढ़ारी पुल के पहले खड़े एक बदमाश ने उन पर तमंचा तानकर रुकने का इशारा किया। बाइक रुकते ही बदमाश ने उन पर फायर कर दिया लेकिन गोली नहीं चल सही। इस बीच दूसरा बदमाश भी आ पहुंचा और उनकी कनपटी पर तमंचा लगाकर पास के गन्ने के खेत में ले जाकर बांधकर डाल दिया। इसके बाद बदमाश उनकी बाइक, 9500 रुपये, मोबाइल लेकर चले गए। बदमाशों के जाने के बाद लेखपाल ने किसी तरह खुद को बंधनमुक्त किया और सिंधौली कोतवाली जाकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गिरीश त्रिवेदी से बदमाशों के बारे में जानकारी ली। कोतवाली प्रभारी केके तिवारी ने बताया कि लेखपाल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही लुटेरों का पता लगा लिया जाएगा।