जहरखुरानों ने नशीली चाय पिलाकर एक युवक को लूट लिया। लूट का शिकार हुआ युवक रोडवेज बस स्टैंड पर बेसुध पड़ा मिला। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हरदोई के थाना बेहटा गोकुल में रहने वाले महेश राठौर का 22 वर्षीय बेटा मुनीश पानीपत (हरियाणा) की एक प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी करता है। रविवार शाम वह पानीपत से ट्रेन में शाहजहांपुर के लिए चला। सोमवार सुबह साढ़े करीब चार बजे उसने आरसी मिशन क्षेत्र के गांव मिश्रीपुर में रहने वाली अपनी भाभी मंजू से मोबाइल पर बात भी की थी। उसने मंजू को बताया कि था वह ट्रेन से शाहजहांपुर स्टेशन पर पहुंच चुका है। यहां से रोडवेज बस से हरदोई जाएगा। मगर रोडवेज पर मुनीश जहरखुरान गिरोह के चंगुल में फंस गया। जहां उसे जहरखुरान लुटेरों ने नशीली चाय पिला दी और उसके बेहोश होने पर नकदी व सामान लूटकर ले गए। उसे बेसुध पड़ा देख पुलिस ने जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती करा दिया। मुनीश ने बेसुध हालत में अपने घर का एक मोबाइल नंबर बता दिया, जिस पर पुलिस ने परिवार वालों को सूचना दे दी। परिवार वाले जिला अस्पताल पहुंच गए हैं। परिवारीजनों के मुताबिक मुनीश के पास करीब 15 हजार रुपये, मोबाइल और अन्य सामान था।