दो माह पूर्व लगाई गई रोक के बावजूद शनिवार को धार्मिक स्थल का निर्माण शुरू कराए जाने की शिकायत पर हरकत में आयी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। साथ ही निर्माण कराने वालों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। पुलिस ने मौके से निर्माण के लिए लाई गई ईंटे, मौरंग, बजरी भरवा कर कोतवाली मंगवा ली हैं।
गांवसभा सकरापुर के मजरा बिलहरा में फरवरी माह में बिना अनुमति के धार्मिक स्थल का निर्माण शुरू करा दिया गया था। जानकारी पाकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंच कर विरोध जताया था। शिकायत पर पुलिस ने निर्माण रुकवा दिया था। साथ ही निर्माण करा रहे जद्दी खां, अजमल, रवीउद्दीन, मोहम्मद आसिफ को पांच-पांच रुपये के मुचलके से पाबंद कराया था। शनिवार को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पुलिस को सूचना कि धर्म स्थल का निर्माण कार्य फिर शुरू करा दिया गया है। इससे क्षेत्र में तनाव फैल सकता है। सूचना पर पुलिस गांव पहुंची तो निर्माण कार्य में लगे श्रमिक मौके से भाग निकले। पुलिस ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य फिर शुरू हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पूर्व में मुचलका पाबंद किए गए चारों लोगों के खिलाफ रिपोर्ट एसडीएम को भेजकर मुचलका राशि की वसूली का आदेश दिए जाने की मांग की है। पुलिस ने निर्माण के लिए लायी गई नई ईंटों, मौरंग, बजरी को भी भरवा लिया है। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने रोक के बाद भी धार्मिक स्थल निर्माण शुरू कराने पर रोष जताते हुए मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की पेशकश की है। कोतवाली प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य तत्काल रुकवा दिया गया है और संबंधित लोगों को कड़ी चेतावनी दी गई है। गांव में सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। मौके पर पुलिस भी तैनात की गई है।
00
बजरंग, विहिप कार्यकर्ताओं ने जताया रोष
बजरंग दल के जिला संयोजक विपिन शुक्ला, विहिप के जिला कार्याध्यक्ष केके गुप्ता, नीरज कश्यप, मेवाराम, राजेश शुक्ला सहित तमाम कार्यकर्ता थाने पहुंचे और रोक के बाद भी धार्मिक स्थल का निर्माण कार्य शुरू कराने पर रोष जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि शनिवार को कराया गया निर्माण ढहाने के साथ ही मलवा भी हटवाया जाना चाहिए और मनमानी पर उतारू लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुलिस, प्रशासन ने कार्रवाई नहीं को तो वह लोग खुद मौके पर जाकर निर्माण ढहा देंगे। कोतवाली प्रभारी अशोक पाल सिंह ने कहा कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विपिन शुक्ला ने पूरे मामले से एडीएम और एएसपी को भी अवगत कराया है।